इटावा से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की की शादी उससे दोगुनी उम्र के शख्स से करवाई जा रही थी। जब दुल्हन ने अपने से दोगुनी उम्र व काला दूल्हा देखा तो उसने तुरंत शादी से इंकार कर दिया और बरात वापस लौट गयी। दुल्हन ने यह आरोप लगाया है कि उसको जिस लड़के की फोटो दिखायी गयी थी, ये शख्स वो नहीं है। यह शादी दुल्हन को बिना लड़का दिखाये मामा व भाई ने तय की थी क्योंकि दुल्हन के पिता दिव्यांग हैं। कोतवाली क्षेत्र में झिंदुआ के नगला बाग निवासी 16 वर्षीय किशोरी की शादी समथर जाफरपुर के 30 साल के लड़के के साथ पक्की की गई थी। बारात बुधवार को तय समय पर गांव पहुंची और स्वागत सत्कार हुआ। रात 10 बजे जयमाला कार्यक्रम शुरू किया गया। इस बीच स्टेज पर दूल्हा अपने दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। जैसे ही स्टेज पर दुल्हन पहुंची उसने शादी के लिए मना कर दिया।
दरअसल, दुल्हन जयमाला के लिये स्टेज पर गई थी लेकिन जैसे ही उसने दूल्हे को देखा वह नाराज हो गई और शादी से इंकार कर दिया। जब लोगों ने दुल्हन से शादी से इंकार करने की वजह पूछी तो दुल्हन ने कहा कि शादी के पहले उसे जिस लड़के की फोटो दिखायी गयी थी वह लड़का दूसरा था और शादी किसी ओर से करायी जा रही है। लड़की ने दोगुनी उम्र के दूल्हे से शादी होते देखकर साफ कह दिया कि इनकी उम्र ज्यादा होने के साथ-साथ ये काला भी है। सभी रिश्तेदारों के समझाने पर भी वह शादी के लिए तैयार नहीं हुई। दुल्हन की मां ने भी यही कहा कि शादी के लिये जो फोटो भेजी गयी थी वह लड़का दूसरा था।
शादी टूटने के बाद दूल्हे के बाबा ने लड़की के पिता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने कहा कि दुल्हन के पिता ने सारे गहने भी रख लिये और शादी भी तोड़ दी। वहीं लड़की सिर्फ 16 साल की बताई जा रही है। इस मामले में नाबालिग लड़की की शादी के चलते लड़की के घर वालों पर भी कार्रवाई हो सकती है।