Shubhanshu Shukla Return: भारत का बेटा शुभांशु शुक्ला 20 दिन अंतरिक्ष में और 18 दिन अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताने के बाद आज धरती पर वापस लौट रहा है। इसके लिए पूरे देश में प्रार्थनाओं का दौर चल रहा है। शुंभाशु शुक्ला और क्रू के अन्य सदस्यों को लेकर ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट का कैप्सूल मंगलवार को दोपहर 3 बजे कैलिफोर्निया के समुद्र में उतरेगा। शुभांशु शुक्ला का यान सोमवार शाम करीब 4.45 बजे अंतरराष्ट्रीय स्पेश स्टेशन से अनडॉक हुआ।
सुरक्षित लैंडिंग के लिए दुआ
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की आज धरती पर वापसी को लेकर उनके पिता शंभु दयाल शुक्ला बेहद उत्साहित और खुश हैं। उन्होंने कहा कि इस स्प्लैशडाउन को इतिहास में याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि 'हमारा बेटा आज मिशन पूरा कर धरती पर वापस लौट रहा है, इसे लेकर हम बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने हमें बेहद गौरवान्वित किया है। यह इतिहास में दर्ज होगा। हम उनकी सुरक्षित लैंडिंग के लिए दुआ कर रहे हैं। यह पूरे देश के लिए खुशी का दिन है। मैं देशवासियों की दुआओं के लिए उनका धन्यवाद देता हूं। वह हमारा बेटा है, लेकिन साथ ही वह पूरे देश का भी है।'
मिशन पर भेजने के लिए भारत ने 550 करोड़ रुपये खर्च किए
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने 18 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताए। इस दौरान उन्होंने 60 प्रयोगों को अंजाम दिया, जिनमें से सात प्रयोग इसरो के थे। शुभांशु अपने साथ 263 किलो वैज्ञानिक सामान लेकर धरती पर लौट रहे हैं, जिससे भविष्य में अंतरिक्ष कार्यक्रमों को बड़ी मदद मिल सकती है। साल 2027 में इसरो अपना पहला मानव मिशन गगनयान लॉन्च करेगा। ऐसे में शुभांशु शुक्ला का यह मिशन इसरो के लिए बेहद अहम है। शुभांशु शुक्ला को एक्सिओम-4 मिशन पर भेजने के लिए भारत ने 550 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।