इस साल भारत अपना 72वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। इस ऐतिहासिक मौके पर राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया जाता है। इसमें भारतीय सैन्य बलों और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झांकियां और परेड होती है। लेकिन इस साल कोरोना महामारी के कारण इसमें काफी बदलाव देखने को मिलेंगे। इस बार का ये कार्यक्रम थोड़ा अलग होगा। ऐसे में आज हम आपको बताने जा रहे है कि कोविड-19 महामारी के कारण इस बार गणतंत्र दिवस समारोह कैसे अलग होगा। तो चलिए जानते है...
इस बार गणतंत्र दिवस समारोह पर नहीं होगा कोई चीफ गेस्ट
गणतंत्र दिवस 2021 के मौके पर इस साल कोई चीफ गेस्ट नहीं होगा। ऐसा 50 सालों में पहली बार होगा जब कोई चीफ गेस्ट नहीं होगा। बता दें कि शुरू में ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन को भारत आने के लिए आमंत्रित किया गया था। लेकिन, ब्रिटेन में एक नए कोविड-19 स्ट्रेन के बढ़ते प्रकोप के चलते उन्हें अपनी यात्रा रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे पहले भारत के पास 1952, 1953 और 1966 में परेड के लिए मुख्य अतिथि नहीं थे।
थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजर और फेस मास्क की होगी व्यवस्था
इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर होने वाली परेड खास होने जा रही है। दरअसल, कोविड-19 के कारण इस बार परेड स्थल के एंट्री प्वाइंट पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था होगी और साथ ही डॉक्टर और हेल्थ वर्कर भी होंगे। इसके साथ ही सैनिटाइजर, फेस मास्क और ग्लव्स की भी व्यवस्था होगी।
ध्वजारोहण और गणतंत्र दिवस परेड का समय
ध्वजारोहण (झंडा फहराना) का कार्यक्रम 26 जनवरी मंगलवार को सुबह 8 बजे होगा।
दर्शकों की संख्या में कटौती
कोरोना महामारी के कारण इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में काफी कम लोगों को परेड देखने का मौका मिलेगा। इस बार सिर्फ 25 हजार लोगों को ही आने की अनुमति दी गई है जबकि पिछले साल करीब डेढ़ लाख दर्शक परेड देखने गए थे। केवल 4,000 आम लोगों को अनुमति दी जाएगी, बाकी दर्शक वीवीआईपी और वीआईपी मेहमान होंगे। इसके साथ ही 15 साल से कम उम्र के बच्चों को यहां प्रवेश नहीं मिलेगा। इसी तरह, मीडिया प्रतिनिधियों की संख्या को भी घटाकर 300 से 200 तक कर दिया गया है।
कहां से शुरू होकर कहां तक जाएगी परेड?
गणतंत्र दिवस परेड और झांकियां के इस बार राष्ट्रपति भवन से शुरू होकर आगे का रास्ता अलग-अलग होगा। इसमें कोरोना महामारी के कारण बदलाव किया गया है। परेड जो पहले लाल क़िले तक जाती थीं, इस बार केवल नेशनल स्टेडियम तक जाएंगी। केवल झांकियां ही लाल किले तक जा सकेंगी।
इस साल घटाया गया परेड का आकार, कवल 32 झांकियां ही होंगी
कोरोना महामारी की वजह से इस बार गणतंत्र दिवस का नजारा थोड़ा अलग देखने को मिलेगा। इस बार राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड में कोरोना वायरस महामारी और चल रहे किसान विरोध के कारण दर्शकों और झाकियों-प्रदर्शनियों की संख्या में कटौती होगी। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए इस बार गणतंत्र दिवस परेड का आकार भी घटाया गया है। मार्च करने वाले सैन्य दस्तों की संख्या 144 से घटाकर 96 कर दी गई है। इसके अलावा गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार कुल 32 झांकियां होंगी जिनमें से 17 विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से होंगी। इसके साथ ही नौ झांकियां विभिन्न मंत्रालयों से जुड़ी होंगी। इतना ही नहीं इसमें 6 झांकियां सुरक्षाबलों की भी होंगी। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण के चलते इस बार हमारे सैनिक परेड के दौरान मास्क में नजर आएंगे।
परेड में शामिल नहीं होगा बहादुर बच्चों का मार्च
इस साल परेड में शामिल होने वाले बहादुर बच्चों के मार्च को भी इसमें शामिल नहीं किया गया है। कोरोना महामारी के कारण 63 सालों में ऐसा पहली बार ऐसा हो रहा है, जब प्रधानमंत्री से इन बच्चों का संवाद भी वर्चुअल ही होगा। वीरता पुरस्कारों की परेड और बहादुरी पुरस्कार हासिल करने वाले बच्चे भी 72वें गणतंत्र दिवस समारोह में नहीं होंगे। इस बार स्कूल और कॉलेज के 100 मेधावी छात्रों को प्रधानमंत्री के बॉक्स से गणतंत्र दिवस परेड देखने का मौका मिलेगा।
इस साल नहीं होगा कोई मोटरसाइकिल स्टंट
कोरोना वायरस से जुड़े सुरक्षा मानदंडों के कारण इस साल परेड के दौरान कोई मोटर साइकिल स्टंट नहीं होगा। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में राजपथ पर होने वाली परेड में सबसे अधिक पसंद किए जाने वाला मोटरसाइकिल स्टंट इस साल देखने को नहीं मिलेगा। इस साल कोरोना महामारी के कारण शारीरिक दूरी का नियम बरक़रार रखने के लिए मोटरसाइकिल स्टंट शामिल नहीं किया गया है।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में ये होगा खास
राजपथ पर इस बार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीन बनाने की प्रक्रिया भी दिखाई जाएगी। केंद्रीय जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) की झांकी स्वदेशी रूप से COVID-19 वैक्सीन के निर्माण के लिए वैज्ञानिकों द्वारा किए गए प्रयासों को प्रदर्शित करेगी। झांकी वैक्सीन के पूर्व-परीक्षण और परीक्षण के विभिन्न चरणों का प्रदर्शन करेगी।
गणतंत्र दिवस परेड 2021 में क्या होगा परफॉर्म
गणतंत्र दिवस परेड राष्ट्रपति भवन से शुरू होकर इंडिया गेट पर खत्म होगी। इसके बाद का मार्ग विजय चौक से राजपथ, अमर जवान ज्योति, इंडिया गेट प्रिंसेस पैलेस, तिलक मार्ग से होते हुए आखिर में इंडिया गेट तक जाएगा। पिछले साल भारतीय वायु सेना (IAF) में शामिल राफेल लड़ाकू जेट, पहली बार परेड में भाग लेंगे। परेड में भारत की पहली महिला फाइटर पायलट - भावना कंठ और बांग्लादेश सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी भी शामिल होगी।