देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतों की गिनती शुरू हो चुकी है। ऐसे में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है। नतीजे आज शाम तक आने की उम्मीद है। मतगणना का कार्य उसी कमरा नंबर 63 में जारी है जहां सांसदों के वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। इसी कमरे को स्ट्रॉन्ग रूम (Strong Room) में बदल कर मतपेटियां रख दी गई हैं। यहां सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।
06:30 PM- द्रौपदी मूर्मू बनी देश की 15वीं राष्ट्रपति
05:30 PM- अब तक द्रौपदी मुर्मू को मिले कुल 1349 वोट
राज्यसभा महासचिव ने कहा कि अब तक कुल 1,886 वैध मतों का मूल्य 6,73,175 है, जिसमें से द्रौपदी मुर्मू को 1,349 मत मिले जिनका मूल्य 4,83,299 है। यशवंत सिन्हा को अब तक कुल 537 वोट मिले, जिनकी कीमत 1,89,876 है।
05:26 PM- दूसरे दौर में पहले 10 राज्यों के मतपत्रों की वर्णानुक्रम के तहत गिनती की गई। कुल वैध मत 1138 और उनका कुल मूल्य 1,49,575 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट मिले, जिनकी कीमत 1,05,299 है। वहीं, यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले, जिनकी कीमत 44,276 है। यह जानकारी राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने दी।
05:07 PM- द्रौपदी मुर्मू के गांव में उत्साह का माहौल जारी
द्रौपदी मुर्मू के गांव में उत्साह का माहौल जारी है। लोग तिरंगा लिए अभी से जश्न मना रहे हैं। पहले दौर में मुर्मू को भारी बढ़त हासिल हुई है और उनकी जीत भी तय मानी जा रही है।
3:40 PM- कल रामनाथ कोविंद के लिए विदाई रात्रिभोज देंगे पीएम नरेंद्र मोदी
कल शाम 5:30 बजे से दिल्ली के होटल अशोका में निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए पीएम नरेंद्र मोदी विदाई रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।
03:34 PM- विधायकों के मतों की गिनती शुरू
02:44 PM- यशवंत सिन्हा से आगे निकलीं द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति चुनाव में सांसदों के वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। अब तक द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के मूल्य के साथ 540 वोट हासिल किए हैं और यशवंत सिन्हा को 1,45,600 के मूल्य के साथ 208 वोट मिले हैं। 15 वोट अवैध थे। इसकी जानकारी राज्य सभा के महासचिव ने दी है।
02:19 PM- द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न
एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव रायरंगपुर में लोग जश्न मना रहे हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती की जा रही है।
यहां देखें वीडियो...
01:03 PM- Video: वोटों की गिनती के लिए खुला बक्सा
12:25 PM- भाजपा की विजय जुलूस की तैयारी
भाजपा नीत एनडीए (NDA) को पूरा भरोसा है कि द्रौपदी मुर्मू ही जीतेंगी। इतना ही नहीं भाजपा ने विजय जुलूस की भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके अलावा जीत के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) तीन किलोमीटर लंबा रोड शो भी करेंगे।
11:51 AM- देश में सभी को मुर्मू की जीत पर गर्व की अनुभूति होने वाली: किरेन रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होने से न केवल आदिवासी, बल्कि देश में सभी को गर्व होगा। मुझे पता चला है कि सभी प्रमुख आदिवासी नेता मुर्मू जी को बधाई देने के लिए दिल्ली आएंगे।
10:55 AM- वोटों की गिनती शुरू
देश में 15वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की मानी जा रही है। मुर्मू के गांव में बांटने के लिए 20 हजार लड्डू भी तैयार किए जा रहे हैं।
09:52 AM- द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न
द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी जोरों शोरों से जारी है। अगर मुर्मू जीतती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी।
09:22 AM- यूपी के विधायकों का मत मूल्य सबसे ज्यादा
* उत्तर प्रदेश के एक विधायक का वोट मूल्य - 208
* झारखंड और तमिलनाडु के विधायकों का वोट मूल्य- 176
* महाराष्ट्र के विधायकों का वोट मूल्य - 175
* सिक्किम के एक विधायक का वोट मूल्य - 7
09:18 AM- 27 दलों का समर्थन था द्रौपदी मुर्मू को
27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा काफी भारी है। वहीं महज 14 दलों के समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.5 लाख वोट ही मिलने की संभावना है।
09:06 AM- इस तरह होगी मतगणना
सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों को गिना जाएगा। संसद भवन में कुल 730 वोट पड़े थे। इन वोटों की गिनती के बाद राज्यों में पड़े मतों की गिनती को आरंभ किया जाएगा। इसके लिए अंग्रेजी वर्णमाला के क्रमानुसार 10 राज्यों की मतपेटियां बारी-बारी से खोली जाएंगी।
08:15 AM- संसद में 99.18 फीसदी वोट पड़े थे
देश के 15वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए 18 जुलाई को मतदान हुआ था। इस चुनाव में संसद भवन में 99.18 प्रतिशत मत पड़े थे। देश के दस राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 100 फीसदी वोटिंग की गई थी। कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग की खबरें भी सामने आईं थीं।
07:57 AM- शाम तक आएगा परिणाम
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी (PC Modi) को इन चुनावों के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया है। वह मतगणना की पूरी तरह से निगरानी करेंगे। परिणाम शाम तक आने की उम्मीद जताई जा रही है।
07:42 AM- पहले गिने जाएंगे सांसदों के मत
सबसे पहले सांसदों के वोटों की गिनती की जाएगी और इसके रुझान की जानकारी निर्वाचन अधिकारी मोदी देंगे। इसके बाद वर्णमाला के मुताबिक दस-दस राज्यों के विधायकों के मतों को गिना जाएगा। 20 राज्यों के वोट गिने जाने के बाद फिर रुझान की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी और आखिर में परिणाम बताया जाएगा।
07:01 AM- आज देश को मिलेंगे 15वें राष्ट्रपति, सुबह 11 बजे शुरू होगी मतों की गिनती
भारत में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ramnath Kovind) की जगह अब कौन नए महामहिम होंगे आज इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए संसद भवन में सुबह 11 बजे से मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। यूं तो विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) के खिलाफ सत्तारूढ़ NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) की जीत तय मानी जा रही है। लेकिन जीत-हार का पता तो मतगणना से ही चलेगा। मतगणना से उन दावों की सत्यता भी सामने आ जाएगी कि किन दलों के विधायकों ने बिना जानकारी दिए अपनी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग (Cross Voting) की है। अगर द्रौपदी मुर्मू जीतती है तो वह देश की पहली आदिवासी महिला होंगी जो सर्वोच्च संवैधानिक पद पर विराजमान होंगी। बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को पूरा हो रहा है और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण करवाया जाएगा।