Mahua Moitra Wedding: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने जर्मनी में दूसरी शादी कर ली है। उन्होंने बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता और ओडिशा के पुरी से चार बार सांसद रह चुके पिनाकी मिश्रा से शादी की है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता महुआ मोइत्रा से कथित तौर पर शादी करने की खबरों के बाद लोगों के मन में पिनाकी मिश्रा के बारे में जानने की ललक है।
पिनाकी मिश्रा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की
65 वर्षीय पिनाकी मिश्रा और 50 वर्षीय महुआ मोइत्रा के बीच उम्र का अंतर है, लेकिन दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिष्ठित और प्रभावशाली माने जाते हैं। पिनाकी मिश्रा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की थी। वर्ष 1996 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता। बाद में उन्होंने बीजू जनता दल का दामन थाम लिया और पुरी से 2009, 2014 और 2019 में लगातार सांसद चुने गए। 2019 में उन्होंने बीजेपी के नेता संबित पात्रा को शिकस्त दी थी। 2024 में नवीन पटनायक ने उनका टिकट काट दिया और पुरी से अरुप पटनायक को उम्मीदवार बना दिया। पिनाकी मिश्रा के मैदान से बाहर होते ही पुरी सीट बीजेपी के खाते में चली गई और संबित पात्रा दूसरे प्रयास में जीत गए।
महुआ और पिनाकी दोनों की ये दूसरी शादी
लोकसभा की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पिनाकी मिश्रा की पहली शादी 16 जनवरी 1984 को संगीता मिश्रा से हुई थी। इस दंपती के दो संतानें भी हैं। अब उन्होंने महुआ के साथ दूसरी शादी रचाई है। बता दें कि महुआ और पिनाकी दोनों की ये दूसरी शादी है। वहीं राजनीति में आने से पहले पिनाकी मिश्रा एक सफल वरिष्ठ अधिवक्ता थे। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की और देश की शीर्ष अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस की। कानून और संविधान पर उनकी गहरी पकड़ के चलते उन्हें संसद में कई बार प्रमुख विधायी चर्चाओं में शामिल होते देखा गया है।