Himachal News: हिमाचल में फिल्म सिटी बनाने का सपना पूरा करेगी कंगना रनौत ऐसा हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश न केवल भारत बल्कि विश्व के सबसे सुंदर एवं मनोरम राज्यों में से एक है।
शांता कुमार ने बताया कि मशहूर भारतीय अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा कई बार हिमाचल आए, उनसे मेरी दोस्ती हो गई। फिर वह हमारी पार्टी में आये और केंद्र में मंत्री बने। मैंने उनसे हिमाचल प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने के बारे में बात की। वह बहुत उत्साहित थे। मैंने अधिकारियों की एक समिति बनाई। लेकिन कुछ दिनों बाद हमारी सरकार टूट गई और उसके बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने हमारी पार्टी छोड़ दी और मंत्री नहीं रहे। इस विषय पर कभी कोई विचार नहीं किया गया।
अधूरे काम को पूरा करेगी कंगना
उन्होंने कहा मुझे लगता है कि इस अधूरे काम को पूरा करने के लिए इस बार भारत की प्रसिद्ध अभिनेत्री कंगना रनौत मंडी से चुनाव लड़ रही हैं। मैंने इस संबंध में कल उससे बात की। मेरी बात सुन कर वह बहुत उत्साहित हुई। मंडी-कुल्लू के किसी रमणीक स्थान पर फिल्म शूटिंग की सुविधाओं से संपन्न एक फिल्म सिटी बनाई जाए। भारत भर के फिल्म निर्माता हिमाचल में आएंगे। हिमाचल प्रदेश में एक नया उद्योग विकसित होगा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।