हरियाणा के हिसार से 16 साल की प्रतिभा ने अपने नाम के अनुरूप काम किया है। हाल ही में मुंबई में ग्रैंड मीडिया द्वारा आयोजित मिस टीन इंडिया यूनिवर्स 2020-2021 का खिताब जीतकर प्रतिभा ने हिसार का नाम रोशन किया है। ऐसे में प्रतियोगिता जीतकर हिसार पहुंचने पर बुधवार को उसका स्वागत किया गया। इस समारोह में मेयर गौतम सरदाना मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे और प्रतिभा को सम्मानित किया।
आनंद मार्गी धार्मिक संस्थान से जुड़े अरविंद शर्मा व सूर्य नगर में गरीब बच्चों के लिए मार्गी स्कूल चलाने वाली सुचेता शर्मा की पुत्री प्रतिभा शर्मा ने इसी साल बीएससी फस्ट ईयर में दाखिला लिया है। एनवाईपीएस से 12वीं करने वाली प्रतिभा ने अपने सम्मान समारोह के मौके पर कहा कि इस मुकाम पर पहुंचना आसान नहीं था। उनकी राह में सैकड़ों अन्य प्रतिभागी थीं, लेकिन फिर भी विभिन्न चुनौती भरी परीक्षाओं में अपनी बुलंद इरादों से उसने ये जीत हासिल की।

इस दौरान उसने मिस इंडिया दिल्ली वर्ल्ड 2020, मिस बेस्ट रैंप वॉक, मिस वूमेन डे क्वीन, मिस फैशन शो, बेस नेशनल एक्टिविटी व मिस स्पेक्टैक्युलर आइस प्रतियोगिताओं को जीता और अंत में मिस टीन इंडिया यूनिवर्स 2020-21 का खिताब जीता। इस बीच प्रतिभा ने बताया कि बचपन से ही उसका सपना कुछ बड़ा करने का था। उसने मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में जाने की ठानी। इसी राह पर आगे बढ़ते हुए वह यहां तक पहुंची। अब उसका लक्ष्य एक सुपर मॉडल और अभिनेत्री बनने का है।
प्रतिभा की सफलता के पीछे किसका हाथ
प्रतिभा के अनुसार, उनकी सफलता में उनके परिजनों का सबसे अहम योगदान था, लेकिन इसके अलावा अश्वनी राजपूत ट्रेनर, साधना गिरी, नुपूर, एनवाईपीएस की प्रिंसिपल व अध्यापिकाओं का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। वहीं, कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि मेयर गौतम सरदाना कहा कि मध्यम वर्गीय परिवार की एक बच्ची ने यह जो मुकाम हासिल किया है वह काफी उत्साहित करने वाला है। इस उपलब्धि से हिसार व हरियाणा का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम हिसार की तरफ से भी जल्द ही एक सम्मान समारोह प्रतिभा के लिए आयोजित किया जाएगा।