Gangotri helicopter crash: उत्तराखंड के उत्तरकाशी के गंगनानी में चारधाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरा हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। जिसमे पांच लोगों की मौत हो गयी है। इसके साथ ही दो लोग घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अफसर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसा भागीरथी नदी के पास हुआ है। घटना कैसे हुई? जांच के बाद ही कारण पता चलेगा।
राजधानी देहरादून से खरसाली जा रहा था हेलिकॉप्टर
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का 30 अप्रैल को शुभारंभ हुआ। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट खुल चुके हैं। भगवान के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। पर्यटकों को लेकर सात सीटर हेलिकॉप्टर ने देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से उड़ान भरी। खरसाली जा रहा हेलिकॉप्टर उत्तरकाशी के गंगनानी के पास क्रैश हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।
चारधाम यात्रा के लिए निकले थे श्रद्धालु
प्राइवेट कंपनी के हेलिकॉप्टर में सवार होकर मुंबई और आंध्र प्रदेश के यात्री चारधाम यात्रा में शामिल होने जा रहे थे। यात्रियों को खरसाली से गंगोत्री धाम जाना था। भागीरथी नदी के पास हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग पहुंचे। पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। अफसरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।