Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू गुरुवार को नई दिल्ली पहुचें। जहां उन्होंने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की। बता दें की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने किशाऊ जल विद्युत परियोजना पर विशेष तौर पर बल दिया। वहीं उन्होंने भारत सरकार या किशाऊ परियोजना के मुख्य लाभार्थी राज्य दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को इस परियोजना की पूरी लागत वहन करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि रेणुका बांध परियोजना में स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और निशुल्क बिजली घटक के मामलों पर विचार किया जाना चाहिए।
राज्य को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा की विद्युत् जल परियोजनाएं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। परियोजनाओं के दृष्टिगत पर्यावरणीय और सामाजिक मूल्यों का भी ध्यान रखते हुए राज्य को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से जल जीवन मिशन के तहत लंबित राशि को शीघ्र जारी करने का आग्रह किया। सीआर पाटिल ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती तथा मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर भी उपस्थित रहे।
कैंसर केयर सेंटर के लिए मांगा सहयोग
तमाम मुद्दों को केंद्र के सामने रखने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में कैंसर केयर सेंटर के लिए भी सहयोग की मांग की। इसके अलावा राज्य में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए अस्पतालों में नवीनतम चिकित्सा तकनीक और आधुनिक उपकरणों के लिए आग्रह किया। उन्होंने पहाड़ी राज्यों की कठिन भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं के मानदंडों में ढील देने का भी आग्रह किया तथा लंबित धनराशि जारी करने की मांग की। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने राज्य को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती तथा मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर भी उपस्थित थे।