हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को ऐलान किया कि बरोदा विधानसभा का उपचुनाव से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बरोदा उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल पर लड़ा जाएगा। सोनीपत के गोहाना में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा और जजपा गठबंधन को लेकर विपक्ष गलत भ्रांतियां फैला रहा है। गठबंधन पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है।
वही, सीएम मनोहर लाल ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने 10 साल तक केवल किलोई की याद आई, बरोदा की तरफ ध्यान ही नहीं दिया। उन्होंने आगे कहा, 'कांग्रेस के झूठ कहीं काम नहीं करेंगे चाहे देश हो, प्रदेश हो या बरोदा। इनके किसी झूठ को हम चलने नहीं देंगे। जनता सब समझ रही है, झूठ और सच की लड़ाई में जीत सत्य की होगी।'
इसके अलावा सीएम ने प्रेस वार्ता में बताया कि गोहाना-बरोदा में छह साल में सरकार ने साढ़े पांच सौ करोड़ रुपये खर्च किए। सोनीपत-गोहाना-जींद ग्रीन हाईवे का काम शुरू हो चुका है और कुंडली-अमृतसर हाईवे की एलांइमेंट जल्द शुरू होगी। इससे जम्मू जाने वालों का सफर चार घंटे कम होगा और आठ घंटे में पहुंच सकेंगे।