Sonam Raghuvanshi: मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने गए इंदौर के नवदंपती राजा रघुवंशी की हत्या और सोनम रघुवंशी के लापता होने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना इलाके से राजा की पत्नी सोनम को बरामद किया गया है। गाजीपुर के एसपी सिटी ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद ने बताया कि सोनम 17 दिन बाद पुलिस को बदहवास हालत में मिली है। वह रो रही थी। उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। वह कुछ नहीं बता रही है। मेघालय पुलिस को सूचना दे दी गई है।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद ने बताया
एसपी सिटी ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद ने बताया कि रात में करीब दो बजे एक अज्ञात महिला के घूमने की सूचना पुलिस को मिली थी। अंकुशापुर स्थित ढाबा पर रात दो बजे सोनम रोते हुए बदहवास हालत में मिली थी। ढाबा संचालक ने 112 नंबर पर कॉल किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। अस्पताल में उसने पुलिस को बताया, कि वह सोनम है। इलाज के बाद उसे वन स्टप सेंटर लाया गया। सोमवार सुबह सीओ सिटी वन स्टॉप सेंटर पहुंचे और पूछताछ की। हालांकि सोनम कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। वह बदहवास है। इंदौर निवासी राजा रघुवंशी हत्याकांड में तीन दिनों के भीतर मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मध्य प्रदेश के रहने वाले तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, राजा की पत्नी सोनम को भी पकड़ा गया है। एक अन्य हमलावर की तलाश जारी है।
राजा रघुवंशी के शरीर पर धारदार हथियार से वार
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में राजा रघुवंशी के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। लाश को खाई में फेंकने से शरीर की हड्डियां भी टूट गई थीं। शिलॉन्ग एसपी विवेक सिम ने इसकी पुष्टि की थी। पुलिस को घटनास्थल से ही राजा की हत्या में इस्तेमाल हथियार- दाओ भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, धारदार हथियार एकदम नया लग रहा है, अंदेशा है कि इसे हत्या के इरादे से ही खरीदा गया था।