Delhi Haryana Weather: दिल्ली-एनसीआर में रविवार शाम को जमकर बारिश होने की वजह से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। सोमवार की सुबह ऐसा लग रहा है कि राजधानी समेत आस -पास के इलाकों में पूरी तरह ठंड की एंट्री हो गई हो। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों में फिर से बारिश देखने को मिल सकती है। जिसकी वजह से तापमान और गिरने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है। वहीं न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। वहीं आज दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया रहेगा। जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें, तो सुबह के समय घना कोहरा छाएगा और ठंडी हवाएं चलेंगी। बाकी दिनों के मुकाबले आज धूप कम निकलेगी और शाम के समय फिर घना कोहरा छा जाएगा। रात के समय तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी चंडीगढ़ की मानें, तो हरियाणा में आज घना कोहरा छाया रहेगा। जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा कुछ हिस्सों में आज बारिश भी देखने को मिल सकती है। वहीं 10 दिसंबर को मौसम साफ रहेगा। हालांकि, 11 और 12 दिसंबर से शीतलहर चलनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए भी मौसम विभाग से येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग की मानें, तो आज हरियाणा का अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 05 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।