Haryana Budget Session: हरियाणा में बजट सत्र की तीसरे दिन की कार्यवाही आज जारी है। सदन में पहले प्रश्नकाल और फिर शून्यकाल हुआ। अब गवर्नर के अभिभाषण पर चर्चा हो रही है। पहले जुलाना से कांग्रेस MLA विनेश फोगाट ने कहा कि उनके क्षेत्र में लड़कियों के लिए उच्च शिक्षा का बंदोबस्त नहीं है। इस पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि 2 किमी दूर पर ही लड़कियों का कॉलेज है। वहां सीटें खाली पड़ी हुई हैं। अब कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने मौजूदा सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। चलिए जान लेते हैं क्या बोले वो?
क्या बोले कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा?
थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने गवर्नर एड्रेस पर चर्चा करते हुए कहा कि सरकार आगे क्या करेगी इसका कोई रोडमैप में जिक्र नहीं किया गया। आज हरियाणा के अंदर शिक्षा, सुरक्षा गायब हो चुकी है। हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन पर पहुंच गया। जब हमारा कोई साथी इस पर बोलता है तो ये एक बात पर बहुत जोर देते हैं कि बिना पर्ची बिना खर्ची के नौकरी दी है, लेकिन इनके कार्यकाल में नौकरी देने वाली संस्था के अधिकारी पैसे लेते हुए पकड़े गए।
इनके कार्यकाल में ही रजिस्ट्री घोटाला हुआ, इस घोटाले में बहुत कर्मचारी और अधिकारी दोषी पाए गए, लेकिन उन्हें माफ कर दिया गया। थोड़ी दिन पहले राजस्व विभाग की लिस्ट आती है, उसमें 400 पटवारी के नाम दिए गए, उसमें उनके दलाल के नाम भी दिए गए। एक तरफ तो ये नाम देते हैं, फिर मुख्यमंत्री बयान देते हैं कि ये देखेंगे कि ये लिस्ट वायरल किसने की।
इस पर जवाब देते हुए कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा- एक मिनट पहले ये तो देख लो ये पटवारी लगे किस के टाइम में थे। इस पर अरोड़ा ने कहा- इन्होंने लिस्ट तो जारी कर दी, लेकिन पकड़ा किसी को नहीं। ये ऐसे ही भ्रष्टाचार की बात करते हैं।