IPS Ravi Sinha: IPS अधिकारी रवि सिन्हा को रिसर्च एंड एनालिसिस विंग यानी RAW का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक IPS अधिकारी रवि सिन्हा 30 जून को अपना कार्यभार संभालेंगे। इसकी जानकारी अधिकारियों ने सोमवार दी। बता दें कि रवि सिन्हा से पहले रॉ प्रमुख की ये जिम्मेदारी सामंत गोयल के कंधों पर थी।
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रवि सिन्हा को सोमवार को भारत की खुफिया एजेंसी रॉ का नया प्रमुख नियुक्त किया गया।

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी सिन्हा वर्तमान में कैबिनेट सचिवालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं। मंत्रालय के आदेश में कहा गया कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने दो साल के कार्यकाल के लिए सिन्हा को रॉ के नए प्रमुख के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। बता दें कि सिन्हा ने सामंत कुमार गोयल की जगह ली है, जो 30 जून, 2023 को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।