हरियाणा में आज तीन नगर निगमों, 3 नगर पालिकाओं और एक नगर परिषद के चुनाव के लिए मतदान जारी है। आज सुबह 8 बजे से मतदान किया जा रहा है। वहीं इन चुनावों के लिए मतगणना 30 दिसंबर को होगी। इसी बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'प्रिय भाइयों और बहनों, हरियाणा में रविवार 27 दिसंबर को होने 3 नगर निगमों, अम्बाला, पंचकूला एवं सोनीपत, 1नगर परिषद रेवाड़ी और 3 नगर पालिकाओं धारूहेड़ा, उकलाना सांपला के चुनावों में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं। बहुत बहुत धन्यवाद।'
हरियाणा के पंचकुला नगर निगम में एक मेयर पद और 20 वार्डों के पार्षद पद कि लिए वोटिंग जारी है। वहीं, अंबाला में एक मेयर पद और 20 वार्डों के पार्षद और सोनीपत में नगर निगम के 1 मेयर पद और 20 वार्डों के पार्षद चुनने के लिए चुनाव होगा।
इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद के अध्यक्ष पद और 31 वार्डों के पार्षद चुनने के लिए चुनाव होगा। हिसार के उकलाना में नगरपालिका के एक चेयरमैन और 13 वार्डों के पार्षद चुनने के लिए चुनाव होगा। रोहतक के सांपला नगरपालिका में एक चेयरमैन और 15 वार्डों के पार्षद चुनने के लिए चुनाव होगा। रेवाड़ी के धारूहेड़ा नगरपालिका के एक चेयरमैन और 17 वार्डों के पार्षद को चुनने के लिए चुनाव होगा।
बता दें कि इन सभी चुनावों के नतीजे 30 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन और विपक्षी कांग्रेस ने पार्टी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव मैदान में उतरे हैं।