उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बीती रात एक बड़ हादसा हुआ है। प्रयागराज के फूलपुर इफको प्लांट में मंगलवार रात एक पाइप में तकनीकी खराबी से अमोनिया गैस लीक हो गयी। अमोनिया गैस की चपेट में आने से 18 कर्मचारी वहीं पर अचेत होने लगे। इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात तक दो कर्मचारियों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक इफको के पी-1 यूनिट में मंगलवार रात लगभग 11:00 बजे अमोनिया गैस पाइप का कोई पार्ट अचानक निकल गया। इससे अमोनिया गैस का रिसाव शुरु हो गया। वहां मौजूद कर्मचारी बीपी सिंह उसे ठीक करने गए, लेकिन अमोनिया गैस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने पहुंचे अभिनंदन भी झुलस गए। वहां मौजूद कर्मचारियों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला लेकिन तब तक पूरी यूनिट में अमोनिया का रिसाव हो चुका था। इससे लगभग 14 कर्मचारी बीमार हो गए। कुछ लोग वहीं बेहोश होने लगे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एक्सपर्ट ने स्थिति को नियंत्रण में किया। इफ़को के पीआरओ विश्वजीत श्रीवास्तव ने गैस लीक होने की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि अमोनिया की चपेट में आने से बीमार हुए लोगों को इफको में बने अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बीपी सिंह, अभिनंदन, एसपी राम और राकेश की हालत बिगड़ने पर उन्हें शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।