IND vs ENG: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच दूसरे दिन पहली पारी में 269 रन बनाकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। इस सीरीज में गिल शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और वह तीन पारियों में 424 रन बना चुके हैं। गिल ने लीड्स टेस्ट में 147 रन की पारी खेली थी और अब एजबेस्टन में दोहरा शतक लगाया। गिल ने 387 गेंदों की अपनी पारी में 30 चौके और तीन छक्के लगाए।
रिकॉर्ड बनाए और दिग्गजों के क्लब में शामिल
गिल की शानदार पारी के दम पर भारत पहली पारी में 587 रन बनाने में सफल रहा। गिल के अलावा रवींद्र जडेजा और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अर्धशतक लगाए। गिल और जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी की और छठे विकेट के लिए 203 रन जोड़े। इसके बाद गिल ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ पारी आगे बढ़ाई और अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक इंग्लैंड ने पहली पारी में तीन विकेट पर 77 रन बनाए हैं और वह अभी भारत से 510 रन पीछे चल रहा है। गिल ने अपनी ऐतिहासिक पारी से कई रिकॉर्ड बनाए और दिग्गजों के क्लब में शामिल हुए।
250 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान
गिल विराट कोहली के बाद टेस्ट की एक पारी में 250 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। इतना ही वह टेस्ट में भारत के लिए एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तान भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में कोहली को पीछे छोड़ा जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे में नाबाद 254 रन बनाए थे। गिल पहले भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाया है। वह 311 गेंद पर ऐसा करने में सफल रहे। वहीं, गिल विदेश में 250 टेस्ट रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं। गिल टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के दूसरे युवा कप्तान हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। गिल ने 25 साल 298 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है।