सुपरस्टार महेश बाबू (Mahesh Babu) की मां और अभिनेत्री इंदिरा देवी (Indira Devi) का निधन हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक सुपरस्टार की मां का स्वास्थ्य पिछले कुछ हफ्तों से ठीक नहीं था। उनका इलाज हैदराबाद के एआईजी अस्पताल (AIG Hospital) में चल रहा था। इतना ही नहीं तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कुछ वक्त के लिए वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन आज सुबह 4 बजे उन्होंने अपने प्राण त्याग दिये।
बता दें कि महेश बाबू के लिए साल 2022 दुखों को पहाड़ लेकर आया है। पहले साल की शुरुआत में ही उन्होंने अपने भाई रमेश बाबू (Ramesh Babu) को खो दिया और अब उन्हें अपने दिल के एक और सबसे प्रिय व्यक्ति अपनी मां को खो दिया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पद्मालय स्टूडियो में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक इंदिरा देवी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। इसके बाद जुबली हिल्स के महाप्रस्थानम में दिन में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
महेश बाबू के परिवार द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक, “दिग्गज अभिनेता कृष्णा की पत्नी और महेश बाबू की मां घट्टामनेनी इंदिरा देवी का कुछ समय पहले ही निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से बीमारी से पीड़ित थीं। उनके पार्थिव शरीर को आज सुबह 9 बजे प्रशंसकों के दर्शन के लिए पद्मालय स्टूडियो में रखा जाएगा और बाद में अंतिम संस्कार किया जाएगा।"