Mouni And Suraj Divorce Reason:मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार को लेकर इन दिनों लगातार तलाक की खबरें सामने आ रही हैं। साल 2022 में शादी के बंधन में बंधे इस कपल ने अब तक अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन हाल ही में आई एक रिपोर्ट ने दोनों के अलगाव की वजह को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सूरज अक्सर भारत आने पर खुद को नजरअंदाज महसूस करते थे। वहीं सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं।
रिपोर्ट में सामने आई रिश्ते में दूरी की वजह
फिल्म पत्रकार विक्की लालवानी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि सूरज नांबियार को कई बार ऐसा महसूस होता था कि मुंबई में लोग उन्हें ज्यादा नहीं पहचानते, जबकि मौनी रॉय को लगभग हर जगह लोग पहचानते हैं। विक्की ने लिखा, मौनी रॉय और दुबई के बिजनेसमैन सूरज नांबियार की लॉन्ग डिस्टेंस शादी अब खत्म होने की कगार पर बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि दोनों के रिश्ते में पहले जैसा प्यार और अपनापन अब नहीं बचा है, जबकि झगड़े लगातार बढ़ते गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, किसी चमत्कार के बिना दोनों का फिर से साथ आना मुश्किल माना जा रहा है।
6 महीने से अलग रह रहे मौनी और सूरज
विक्की लालवानी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, सूत्रों के अनुसार, पिछले करीब 6 महीनों से मौनी और सूरज साथ नहीं रह रहे हैं। हाल के दिनों में मौनी अपना घर भी बदल रही थी। अगर ध्यान दिया जाए तो अक्टूबर 2025 के बाद से मौनी लगभग हर सोशल इवेंट में अकेले ही नजर आई हैं। बताया जा रहा है कि मौनी ने अपने ब्रेकअप की खबर को काफी समय तक मीडिया से छिपाकर रखा। अब खबर यह भी है कि उन्होंने कुछ वकीलों से बातचीत शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक दोनों ने तलाक के लिए आधिकारिक तौर पर आवेदन नहीं किया है, लेकिन अगर मामला आगे बढ़ता है तो दोनों को काउंसलिंग से गुजरना पड़ सकता है।
तो इस वजह से मौनी और सूरज ले रहे तलाक?
विक्की ने लिखा, इसी बीच मीडिया के कुछ हिस्सों में धोखा मिलने जैसी अफवाहें भी सामने आई हैं। वहीं, एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि सूरज नांबियार को कई बार ऐसा महसूस होता था जैसा फिल्म ‘अभिमान’ में अमिताभ बच्चन के किरदार को जया भादुड़ी की लोकप्रियता के दौरान महसूस हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, सूरज भले ही बेहद अमीर हों, लेकिन मुंबई में उन्हें अक्सर यह महसूस होता था कि लोग उन्हें ज्यादा नहीं पहचानते, जबकि मौनी रॉय को लगभग हर जगह लोग पहचान लेते हैं। यह बात उन्हें अंदर ही अंदर परेशान करती थी।