Tamil Nadu Elections: तमिलनाडु में सरकार पर सस्पेंस बरकरार है. थलापति विजय की पार्टी टीवीके को अब तक सरकार बनाने का न्योता नहीं मिला है. तमिलनाडु के गवर्नर एक्टर विजय की टीवीके को पहले बहुमत वाला नंबर दिखाने को बोल रहे. थलापति विजय दो बार गवर्नर से मिल चुके हैं. दोनों बार निराशा ही हाथ लगी है. इस बीच खबर है कि तमिलनाडु में थलापति विजय की टीवीके की सरकार न बने, इसके लिए एआईएडीएमके और डीएमके के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट तेज है. यही कारण है कि अब एक्टर विजय ने बड़ा दांव चल दिया है. इससे तमिलनाडु की सियासत में नया ट्विस्ट आ गया है.
जी हां, एक्टर विजय की टीवीके यानी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने गुरुवार को कहा कि पार्टी के सभी 107 विधायक इस्तीफा देंगे अगर डीएमके (DMK) और एआईएडीएमके (AIADMK) तमिलनाडु में सरकार बनाते हैं. सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है. यह घटनाक्रम तब सामने आया जब DMK और AIADMK नेताओं के बीच दो बैठकें हुईं. राजनीतिक गलियारों में इस बात की खूब चर्चा है कि एआईएडीएमके और डीएमके साथ आ सकते हैं. अव्वल तो राज्यपाल के स्टैंड ने इन अटकलों को और बल दे दिया है.
थलापति विजय को किस बात का डर
दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपना करिश्मा दिखा चुके थलापति विजय को एक शंका सता रही है. अब टीवीके (TVK) को शक है कि एआईएडीएमके और डीएमके दोनों पार्टियां मिलकर राज्य में सरकार बनाने की कोशिश कर रही हैं, जबकि सबसे ज्यादा वोट पाने वाली पार्टी को बाहर रखा जा रहा है.