Viral Video: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार को आए तूफान ने लोगों को एक भयानक मंजर देखने पर मजबूर कर दिया। बीते दिनों दिल्ली, उत्तर प्रदेश और कई अन्य राज्यों में आंधी-बारिश ने तबाही मचा दी। 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी ने यूपी के कई जिलों में 50 से अधिक लोगों की जान ले ली, जबकि सैकड़ों पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। सबसे चौंकाने वाली घटना बरेली के भमोरा क्षेत्र के बबियाना गांव में घटी, जहां एक व्यक्ति टिनशेड के साथ हवा में उड़ता नजर आया।
बाल-बाल बची नन्हें की जान
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसे देखकर हर कोई सिहर उठा और आंखें फटी की फटी रह गईं। भमोरा थाना प्रभारी ने बताया कि 13 मई को दोपहर में तेज आंधी चली, जब गांव के बरातघर की टिनशेड हवा के थपेड़ों से उड़ने लगी। करीब 50 वर्षीय नन्हें अंसारी टिनशेड से बंधी रस्सी पकड़े खड़े थे. अचानक हवा की रफ्तार इतनी बढ़ गई कि नन्हें टिनशेड के साथ हवा में उछलकर करीब 50-80 फीट दूर खेत में जा गिरे। इस हादसे में नन्हें की जान बाल-बाल बची, उनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
नन्हें ने बताया, ‘आंधी की तीव्रता का अंदाजा नहीं था. हवा ने मुझे इतना ऊपर उठा लिया कि सब कुछ धुंधला नजर आया। रस्सी छूटते ही मैं जमीन पर आ गिरा.’ खेत में नन्हें की तलाश करते हुए आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो एक युवक द्वारा फोन में रिकॉर्ड कर लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पेड़ से दबकर बच्ची की मौत
आंधी का कहर यहीं नहीं रुका. भमोरा क्षेत्र के हर्रामपुर गांव में सातवीं कक्षा की छात्रा देवकी सक्सेना की दर्दनाक मौत हो गई। पिता संजय सक्सेना के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे देवकी बगीचे गई थी। इसी दौरान आंधी से बचने के लिए वो एक आम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गई, लेकिन तूफान इतना तेज था कि वही पेड़ देवकी के ऊपर पड़ा, जिससे मासूम बच्ची की मौत हो गई।