केंद्र के कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलनरत किसान संगठनों ने शनिवार को कई राज्यों के टोल प्लाजा पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। किसानों के इस विरोध प्रदर्शन में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश टोल प्लाजा को कब्जा कर जबरन टोल टैक्स फ्री कर दिया गया। किसान नेताओं ने टोल कर्मियों को किसी भी वाहन से टैक्स नहीं वसूलने दिया।
किसान संगठनों कई राज्यों में टोल प्लाजा को फ्री करवा दिया। हरियाणा के जीटी रोड करनाल टोल प्लाजा को रात बारह बजे ही टोल फ्री कर दिया। सुबह साढ़े आठ बजे पुलिस प्रशासन ने टोल टैक्स वूसली शुरू करा दी, लेकिन इसकी जानकारी होने पर किसान संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और टोल प्लाजा को फिर से टैक्स फ्री कर दिया। इसके अलावा मेरठ समेत यूपी के आसपास के जिलों में सभी टोल फ्री कराए। पुलिस के सख्त पहरे के बावजूद भाकियू कार्यकर्ताओं ने सुबह 10 बजे ही जिलों के टोल प्लाजा पर कब्जा कर टोल फ्री करवा दिया।
उत्तराखंड के हल्द्वानी में भी किसानो के टोल फ्री आंदोलनों का असर देखने को मिला। किसानो ने नेशनल हाईवे रुद्रपुर-किच्छा मार्ग पर देवरिया स्थित टोल प्लाजा पर बैरियर हटाने को लेकर जमकर हंगामा किया। मौके पर भारी पुलिसबल भी तैनात रहा, लेकिन किसानों के आगे उनकी नहीं चली। इसके बाद किसानों की मांग के अनुसार करीब डेढ़ घंटे तक टोल बैरियर हटा दिये गये।
बता दें कि सरकार और किसानों के बीच छठें दौर की बैठक करने के बाद भी कृषि कानून पर दोनों पक्ष किसी अंतिम निर्णय पर नहीं पहुंच पाए हैं। छठे दौर की वार्ता बेनतीजा होने के बाद किसानों ने 12 दिसंबर को देशभर में टोल फ्री का आह्वान किया था। किसान संगठनों ने सरकार को 14 दिसंबर को यानि कि कल देशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी दी है।