राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) रविवार शाम को सीढ़ियों से गिर गए। इस कारण उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया और उनकी पीठ में हल्की चोट आई है। बताया जा रहा है कि लालू यादव को आनन-फानन में बेहोशी की हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी MRI की गई है। डॉक्टरों ने उन्हें करीब दो महीने के बेड रेस्ट की सलाह दी है।
इस पर लालू के परिवार के एक करीबी सूत्र ने बताया कि राजद सुप्रीमो इन दिनों अपनी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) के आवास पर ही रह रहे हैं। वह रविवार शाम घर की सीढ़ियों पर से अचानक गिर गए। इस हादसे के बाद कई स्वास्थ्य जटिलताओं से गुजर रहे पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव को अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।
Lalu Yadav के कंधे में आया फ्रैक्चर
लालू के करीबी सहयोगी ने बताया कि, ‘जांच में डॉक्टरों ने उनके कंधे में फ्रैक्चर बताया है। प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर एक क्रेप पट्टी को लगा दिया गया है और डॉक्टर ने उन्हें दवाएं लिखकर घर लौटने की अनुमति दे दी है। कंधे और पीठ में दर्द के अलावा और कोई समस्या सामने नहीं आई है। डाक्टरों ने उन्हें दो महीने तक बेड रेस्ट करने के लिए कहा है।
जमानत पर रिहा हुए थे लालू
बता दें कि पिछले कुछ सालों में चारा घोटाले के कई मामलों में दोषी करार दिए गए लालू यादव को कुछ महीने पहले ही जमानत पर रिहा किया गया था।