उत्तराखंड गौरव सम्मान 2021 और 2022 का ऐलान उत्तराखंड सरकार ने कर दिया है। इस बार प्रदेश की दस हस्तियों को यह सम्मान दिया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार वर्ष 2022 के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, गीतकार व फिल्म सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी के साथ तीन अन्य हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। पूर्व CDS जनरल बिपिन रावत, जनकवि गिरीश तिवारी गिर्दा और साहित्यकार, पत्रकार और कवि वीरेन डंगवाल को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जा रहा है।
वर्ष 2021 के लिए पूर्व सीएम स्वर्गीय एनडी तिवारी, पर्यावरणविद् अनिल जोशी, साहित्यकार रस्किन बांड, साहसिक खेल से बछेंद्री पाल और संस्कृति से लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया जाएगा। उत्तराखंड गौरव सम्मान राज्य में पहली बार दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद इस सम्मान की घोषणा की थी। लेकिन उस समय सम्मान दिया नहीं जा सका था। 9 नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस पर यह सम्मान मुख्यमंत्री धामी द्वारा दिया जाएगा। इसके तहत सभी सम्मानित होने वाली विभूतियों को एक लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।