Hera Pheri: साल 2000 में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म 'हेरा फेरी' पिछले कुछ महीनों से चर्चा में है। इसकी वजह है कि इस फिल्म की सीक्वल 'हेरा फेरी 3' आने वाली है। इस फिल्म का एलान हो चुका है, इसके बावजूद फैंस इसकी अपडेट पाना चाहते हैं। हाल ही में अक्षय कुमार ने फिल्म को लेकर कई अपडेट दी हैं। अक्षय कुमार ने फिल्म के विषय में जानकारी देते हुए कहा की 'अब सब कुछ ठीक हो गया है। जल्द ही कुछ अच्छा एलान होने वाला है। हां कुछ उतार चढ़ाव होते हैं लेकिन अभी सब कुछ ठीक है। अब हम दोबारा एक साथ हैं। हम हमेशा साथ ही थे।' इन शब्दों के साथ अक्षय कुमार ने बताया कि टीम एक बार फिर एक साथ है। ऐसे में 'हेरा फेरी 3' पर काम आगे बढ़ सकता है।
सुनील शेट्टी ने हाल ही में इस बात की पुष्टि की
अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी ने हाल ही में इस बात की पुष्टि की है कि परेश रावल फिल्म में वापस आ गए हैं। उन्होंने कहा 'हां हां वह वापस आ गए हैं। मैं बहुत उत्साहित हूं। मैंने कहा था कि मैं उनसे बात करूंगा। कई बार चीजों को हमारी नजर लग जाती है।' ऐसे में अब कहा जा सकता है कि फैंस 'हेरा फेरी' का नया पार्ट देख सकते हैं। इस साल के शुरुआत में परेश रावल ने फिल्म 'हेरा फेरी 3' में काम करने से मना कर दिया था। इसके बाद अक्षय कुमार ने उन पर केस कर दिया था। यह मामला खूब सुर्खियों में रहा। परेश रावल के इस यूटर्न ने फैंस को हैरान कर दिया था। हालांकि कई दिनों तक चले विवाद के बाद यह तय हुआ कि परेश रावल इस फिल्म में काम करेंगे। अब अक्षय कुमार ने इस बारे में बात की है।
अक्षय कुमार ने 'हेरा फेरी 3' के बारे में बात की
हाल ही में एक मीडिया चैनल्स से बातचीत में अक्षय कुमार ने 'हेरा फेरी 3' के बारे में बात की है। अक्षय कुमार से हाल ही में पूछा गया कि परेश रावल को लेकर जो विवाद हुआ, क्या वह पब्लिक स्टंट था? इस पर अक्षय कुमार ने कहा 'नहीं ये पब्लिक स्टंट नहीं था। चीजें कानूनी हो गईं थीं। जब कोई भी चीज कानूनी हो जाती है तो यह नहीं कहा जा सकता कि यह पब्लिक स्टंट था। सच में विवाद हुआ था।'