Rishabh pant: IPL 2027 में ऋषभ पंत LSG से खेलते नहीं दिखेंगे। यह बात अब साफ हो चुकी है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें LSG से ट्रेड कर लिया है। बदले में दिल्ली कैपिटल्स से कुलदीप यादव की LSG में एंट्री हुई है। इस ट्रेड डील के बाद ऋषभ पंत को IPL सैलरी में तगड़ा नुकसान हुआ है। उनकी IPL सैलरी 12 करोड़ रुपये कम हो गई है। LSG ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की बोली लगाकर IPL 2025 के ऑक्शन में खरीदा था। 27 करोड़ रुपये की रकम के साथ पंत IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। लेकिन, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए ट्रेड डील के बाद उन्हें अब 15 करोड़ रुपये ही मिलेंगे।
ट्रेड डील से सैलरी घटी, मगर पंत की हुई घर वापसी
ऋषभ पंत और कुलदीप यादव का ट्रेड IPL इतिहास के सबसे बड़े ट्रेड में से एक माना जा रहा है। इस ट्रेड के बाद पंत फिर से अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए हैं, जहां उन्होंने 2016 से 2024 के बीच 9 सीजन में कुल 111 मैच खेले थे। ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। इन 111 मैचों में उन्होंने 43 मुकाबलों में टीम की कप्तानी भी की थी।
ऋषभ पंत ने LSG के लिए IPL के दो सीजन में कुल 28 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 581 रन बनाए।
ट्रेड डील से कुलदीप यादव को नुकसान नहीं
कुलदीप यादव की बात करें तो उन्हें इस ट्रेड डील के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स में भी वही सैलरी मिलेगी, जो दिल्ली कैपिटल्स में मिल रही थी। यानी कुलदीप को पंत की तरह किसी तरह का आर्थिक नुकसान नहीं हुआ है। कुलदीप यादव को LSG भी 13.5 करोड़ रुपये की सैलरी देगा।
LSG की जर्सी में पहली बार खेलेंगे कुलदीप
कुलदीप यादव पिछले 5 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। लेकिन IPL 2027 में वह LSG की जर्सी में खेलते नजर आएंगे। कुलदीप यादव ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 5 सीजन में 65 मुकाबले खेले और 72 विकेट अपने नाम किए। IPL में अब तक KKR और DC का प्रतिनिधित्व कर चुके कुलदीप यादव अब पहली बार लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते दिखाई देंगे।