BAN vs AUS: बांग्लादेशी क्रिकेट के इतिहास में 11 जून 2026 की तारीख सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है। ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेशी शेरों ने वह कर दिखाया, जो इससे पहले क्रिकेट इतिहास में कभी नहीं हुआ था। मेजबान बांग्लादेश ने दूसरे वनडे मुकाबले में 6 बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराकर 3 मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है, जब उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज अपने नाम की है।
बांग्लादेशी गेंदबाजों ने बरपाया कहर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही। बांग्लादेशी गेंदबाज तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने शुरुआती ओवरों में कहर बरपा दिया। टीम ने बिना खाता खोले अपने 3 बड़े विकेट गंवा दिए। मैट शॉर्ट, कूपर कॉनोली और मैट रेनशॉ अपना खाता भी नहीं खोल सके। देखते ही देखते 65 रन पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई। हालांकि, मार्नस लाबुशेन ने नाबाद 55 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। बारिश के कारण मुकाबले में ओवरों की कटौती भी हुई, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया ने 42 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए।
बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। तनवीर इस्लाम को भी 2 सफलताएं मिलीं। इन गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। नाहिद राणा ने भी किफायती गेंदबाजी की, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
बांग्लादेश ने आसानी से किया लक्ष्य हासिल
बांग्लादेश की पारी की शुरुआत में भी बारिश का खलल देखने को मिला, जिसके चलते लक्ष्य को 41 ओवर में 192 रन कर दिया गया। इस दौरान तनजीद हसन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद सौम्य सरकार और नजमुल हुसैन शांतो ने 42-42 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। लिट्टन दास ने भी 21 रन का योगदान दिया। फिर तौहीद ह्रीदोय ने एक छोर संभाले रखा और नाबाद 40 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। मेहदी हसन मिराज 22 रन बनाकर नाबाद लौटे। बांग्लादेश ने 35 ओवर में 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और ऐतिहासिक सीरीज जीत अपने नाम कर ली।