Manav Suthar: न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच पर मानव सुथार ने जो किया वो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुका है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करते हुए 6 विकेट चटकाए। वैसे तो अपने आप में ही 6 विकेट लेना बड़ी उपलब्धि है। लेकिन, मानव सुथार की कामयाबी के मायने उससे भी बढ़कर हैं. टेस्ट क्रिकेट में 18 साल बाद ऐसा देखने को मिला है, जब किसी भारतीय ने डेब्यू इनिंग में 5 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। इतना ही नहीं अपने डेब्यू टेस्ट में धमाल मचाते हुए मानव सुथार ने अश्विन को भी पछाड़ दिया है और वो अब नंबर दो भारतीय बन गए हैं।
18 साल बाद मानव सुथार बने 7वें भारतीय
मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 22 ओवर में 33 रन देकर 6 विकेट लिए। इस कामयाबी के बाद उनका नाम भी टेस्ट डेब्यू पर 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दर्ज हो गया। लेकिन, टेस्ट की डेब्यू इनिंग में ऐसा करने वाले मानव सुथार सिर्फ 7वें भारतीय हैं। टेस्ट में ऐसा 18 साल यानी साल 2008 के बाद पहली बार हुआ है जब किसी भारतीय गेंदबाज ने टेस्ट मैच की डेब्यू इनिंग में 5 या उससे ज्यादा विकेट उखाड़े हैं। आखिरी बार ऐसा अमित मिश्रा ने किया था।
अश्विन से आगे निकले मानव सुथार
डेब्यू टेस्ट की किसी एक इनिंग में बेस्ट बॉलिंग फीगर वालेमानव सुथार दूसरे नंबर के भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इस मामले में नरेंद्र हिरवानी ने पहले नंबर पर हैं। उन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली और दूसरी दोनों पारी में 8-8 विकेट चटकाए थे। पहली पारी में उन्होंने 81 रन देकर 8 विकेट लिए थे, जबकि सेकंड इनिंग में 75 रन देकर 8 विकेट हासिल किया था। सुथार ने 33 रन पर 6 विकेट लेकर इस मामले में अश्विन को पीछे छोड़ा है, हालांकि, अश्विन ने भी अपने डेब्यू टेस्ट की दूसरी पारी में 6 विकेट लिए थे। मगर उन्होंने 47 रन देकर वो कारनामा किया था। यही वजह है कि मानव सुथार का नाम लिस्ट में अब उनसे आगे दर्ज हो गया है।
मानव सुथार ने अफगानिस्तान के विरुद्ध डेब्यू पर अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीता है और साथ में रेड बॉल क्रिकेट में वो स्पिन ऑलराउंडर का एक नया विकल्प बनकर भी सामने आए हैं।