India’s Got Latent 2: स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन को लेकर लौट आए हैं। जी हां, बीते दिन यानी 20 जून को शो का पहला एपिसोड रिलीज किया गया। शो के पहले एपिसोड ने यूट्यूब पर आते ही धमाल मचा दिया। अभी इसकी रिलीज को 24 घंटे भी नहीं हुए हैं, लेकिन इसे बड़ी संख्या में व्यूज मिल चुके हैं। आइए जानते हैं कि शो के पहले एपिसोड को कितने व्यूज मिले हैं।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का पहला एपिसोड
समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन के पहले एपिसोड की बात करें तो यूट्यूब पर रिलीज होते ही यह सोशल मीडिया पर छा गया है। इस बार शो सिर्फ यूट्यूब ही नहीं, बल्कि नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम किया गया है। शो में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ बतौर गेस्ट नजर आई हैं।
13 घंटे में मिले इतने व्यूज
समय रैना के मजेदार रोस्ट, कंटेस्टेंट्स के शानदार टैलेंट और भावुक पलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। व्यूज की बात करें तो खबर लिखे जाने तक शो को रिलीज हुए 13 घंटे हो चुके थे और इस दौरान इसे 15 मिलियन व्यूज मिल चुके थे, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। शो के पहले एपिसोड को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया है।
आलिया भट्ट आईं नजर
शो के पहले एपिसोड में दिखाया गया कि आलिया भट्ट हंसते हुए कहती हैं कि उन्हें इस शो में आकर बहुत पछतावा हो रहा है। इसके जवाब में समय रैना कहते हैं कि उन्हें भी आलिया की फिल्म ‘जिगरा’ देखने के बाद कुछ ऐसा ही महसूस हुआ था। इतना ही नहीं, समय ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वह आलिया के सामने इसलिए नर्वस हैं क्योंकि वह उनके पति रणबीर कपूर के बहुत बड़े फैन हैं।
पहले जैसा ही है शो का फॉर्मेट
अगर शो के फॉर्मेट की बात करें तो दूसरे सीजन में भी इसकी शैली पहले जैसी ही रखी गई है। कंटेस्टेंट्स मंच पर आते हैं और अपना टैलेंट दिखाते हैं, जिसके बाद पैनल उन्हें अंक देता है। सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाला प्रतिभागी विजेता बनता है। हालांकि, इस बार शो की भाषा में काफी सुधार देखने को मिला है और कंटेंट को पहले की तुलना में ज्यादा साफ-सुथरा रखा गया है।