दिल्ली चुनाव के आ रहे परिणाम में साफ तौर पर एक बार फिर से केजरीवाल सरकार वापसी कर रही है। अरविंद केजरीवाल जीत की हैट्रिक लगाने को तैयार हैं तो सोशल मीडिया पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को याद किया जा रहा है।
8 फरवरी को मतदान के बाद मनोज तिवारी ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी को 50 सीटें मिलेंगी। हालांकि, अब नतीजे कुछ और ही तस्वीर दिखा रहे हैं जिसके बाद सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू हो गई है।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी हो या फिर सांसद प्रवेश वर्मा, हर कोई भाजपा की जीत के दावे कर रहा था। दोनों ही नेता ने इसको लेकर ट्वीट भी किया था। मनोज तिवारी ने लिखा था, ये सभी एग्जिट पोल होंगे फेल, मेरी ये ट्वीट संभाल कर रखिएगा। भाजपा दिल्ली में 48 सीटें लेकर सरकार बनाएगी, कृपया ईवीएम को दोष देने का अभी से बहाना ना ढूंढें।
मनोज तिवारी के अलावा प्रवेश वर्मा ने भी कुछ ऐसा ही दावा किया था और सीटों की संख्या में बता दी थी। प्रवेश सिंह वर्मा ने ट्वीट किया था, 11 तारीख को चुनाव के परिणाम, भाजपा 50, आप 16, कांग्रेस 4, धन्यवाद दिल्ली।