कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत में 3 मई तक लॉकडाउन लागू है। इस बीच, देश के कई हिस्सों से लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को पुलिस अलग-अलग तरह से सजा दे रही है, कभी किसी को मुर्गा बनाया जाता है तो कभी किसी को उठक-बैठक करवाई जा रही है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कुछ लोगों को अनोखे अंदाज में सजा दी है।
दरअसल, महाराष्ट्र के पुणे के बिबवेवाडी इलाके में बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले और लॉकडाउन का उल्लंघन करते पाए गए। जिसके बाद सजा के तौर पर पुलिसवालों ने उनसे बीच सड़क पर ही योगा करवाया। वही, इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जी हां, वीडियो में पुलिस वाले लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों से सड़क पर ही कसरत और योगा करवाती नजर आ रही है।
इस वीडियो में खास बात ये है कि इसमें सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया है। इसके अलावा इन लोगों से पुलिस सूर्य नमस्कार से लेकर जंपिंग तक करवाती है। बता दें कि कोरोना वायरस से देश में सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। राज्य में गुरुवार को संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3,081 हो चुकी है।