हरियाणा की जेलों का पहला पेट्रोल और सीएनजी पंप कुरुक्षेत्र जेल में लगने जा रहा है। इस पेट्रोल और सीएनजी पंप को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की तरफ बनाया जाएगा। इस परियोजना पर आईओसी की तरफ से करीब 3 करोड़ रुपए का बजट खर्च किया जाएगा। इस पंप के लिए आईओसी कुरुक्षेत्र जेल प्रशासन को 51 हजार रुपये मासिक किराया भी देगा।
अहम पहलू यह है कि इस पंप की आय को जेल के कैदियों के कल्याण और पुनर्वास पर खर्च किया जाएगा। इस पर कुरुक्षेत्र जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिला कारागार कुरुक्षेत्र में आईओसी द्वारा पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत वर्ष 2017 में कुरुक्षेत्र कार्यकाल के दौरान उन्होंने ही शुरु की थी।
अब दोबारा 13 अक्टूबर 2021 को जेल का कार्यभार संभालने के बाद इस परियोजना पर तेजी से काम शुरू किया गया। इस कुरुक्षेत्र जेल में तेलंगाना, पंजाब, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र राज्यों की तर्ज पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसकी शुरुआत की गई थी।
इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव तत्कालीन जेल महानिदेशक द्वारा आईओसी पानीपत मंडल कार्यालय में राज्य सरकार का अनुमोदन करवाने के बाद भेजा गया था। तब सरकार से अनुमोदन, जमीन से संबंधित कागजात और विभिन्न विभागों से एनओसी लेने के कारण परियोजना को शुरू करने में कुछ देरी हुई। अब इस प्रस्ताव पर सरकार और आईओसी ने अपनी मोहर लगा दी है। इस अनुमति के बाद पेट्रोल पंप लगाने का कार्य शुरु कर दिया गया है।
जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत ने कहा कि हरियाणा के आसपास के 4 राज्यों में यह पहला पेट्रोल पंप होगा जो कि कैदियों के पुनर्वास हेतु काफी उपयोगी सिद्ध होगा। हरियाणा राज्य की 19 जेलों में सबसे पहला पंप राज्य सरकार के पायलट प्रोजेक्ट जिला कारागार कुरुक्षेत्र में स्थापित किया जा रहा है। इस जिले के अंदर पहला पेट्रोल पंप होगा जहां सीएनजी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस कारागार पर पेट्रोल पंप की सफलता के बाद हरियाणा राज्यों की अन्य जेलों में भी पायलट प्रोजेक्ट के तहत पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस पंप पर दो मशीने पेट्रोल, 2 मशीने डीजल और 1 मशीन सीएनजी की होगी। इस पेट्रोल और सीएनजी पंप से शहरवासियों को भी फायदा होगा।