मध्य प्रदेश में भारतीय वायुसेना (Air Force) के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह (Group Captain Varun Singh) का आज यानी शुक्रवार को सुबह 11 बजे अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, शौर्य चक्र (Shaurya Chakra) से सम्मानित ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की अंत्येष्टि बैरागढ़ स्थित विश्राम घाट में की जाएगी। बीते दिन ही उनका पार्थिव शरीर बेंगलुरु से विशेष विमान से भोपाल लाया गया। उन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan), प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा (Vishnu Datt Sharma), अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा, सेना और प्रशासन के अधिकारियों तथा आम नागरिकों ने श्रद्धांजलि दी।
जानकारी के लिए बता दें कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह 08 दिसंबर को तमिलनाडु (Tamil Nadu) में हेलीकॉप्टर दुर्घटना (Helicopter Crash) में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हेलीकॉप्टर में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत (CDS Vipin Rawat), उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य अधिकारी कर्मचारी भी सवार थे, जिनका निधन हो गया है। वरुण सिंह को इलाज के लिए बेंगलुरु के एक अस्पताल भेजा गया था, जहां कल उन्होंने अंतिम सांस ली। दिवंगत ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह, पत्नी और दो बच्चों के साथ तमिलनाडु के वेलिंगटन में सेवारत थे। उनके पिता सेना के सेवानिवृत अधिकारी कर्नल के. पी. सिंह और मां उमा सिंह भोपाल की सन सिटी कॉलोनी में रहते हैं। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह मूल रूप से उत्तरप्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं। वरुण सिंह के छोटे भाई तनुज सिंह नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर हैं।
मुख्यमंत्री ने की सम्मान निधि की घोषणा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वरुण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार को एक करोड़ की सम्मान निधि देने की घोषणा की है। इस दौरान शिवराज ने कहा, 'ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने के लिए उनकी प्रतिमा की स्थापना के साथ उनके नाम पर किसी एक संस्था का नामकरण किया जाएगा।' इतना ही नहीं उनके परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी भी दी जाएगी।