देश में कोरोना मामलों की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ने लगी है। पिछले 2 महीने बाद भारत में एक दिन में 25 हजार से ज्यादा कोरोना केस आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 25 हजार 317 हजार नए कोरोना केस आए और 158 लोगों की जान चली गई है। हालांकि 16 हजार 637 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले 16 दिसंबर 2020 को 26 हजार 624 कोरोना केस दर्ज किए गए थे।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर एक करोड़ 13 लाख 59 हजार 45 हो गए हैं। इनमें से एक लाख 58 हजार 604 लोगों की जान जा चुकी है। राहत की बात ये है कि अब तक देश में कुल एक करोड़ 9 लाख 89 हजार 897 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। देश में अब एक्टिव केस की संख्या बढ़कर दो लाख 10 हजार 544 हो गई है यानी कि इतने लोग अभी कोरोना संक्रमित हैं।
सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में
महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना के 15 हजार 602 नए मामले सामने आने के साथ राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 22 लाख 97 हजार 793 पहुंच गई। राज्य में और 88 लोगों की महामारी से मौत होने की पुष्टि हुई है। राज्य के अस्पतालों से शनिवार को कोविड-19 के 7 हजार 461 मरीजों को छुट्टी दे दी गई।
तीन करोड़ लोगों को दी गई कोविड वैक्सीन
देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने की अभियान की शुरुआत हुई थी। 13 मार्च तक देशभर में 2 करोड़ 97 लाख 38 हजार 409 स्वास्थ्यकर्मियों, बुजुर्गों और कोरोना योद्धाओं को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है। बीते दिन 15 लाख 19 हजार 952 लोगों को टीका लगा। वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था।
कुछ राज्यों में कोरोना से एक भी मौत नहीं
देश में कोरोना से सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में हुई है। लेकिन कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां कोरोना से एक भी संक्रमित शख्स की मौत नहीं हुई है। ये जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों से मिली है। ये कुछ राज्य हैं- अंडमान व निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, असम, दादरा नगर हवेली, कर्नाटक, लद्दाख, लक्षद्वीप, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा आदि।