चंडीगढ़ से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जहां सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल में सुबह ही एक बड़ा पेड़ टूटकर गिर गया। पेड़ गिरने के कारण कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक बच्ची की मौत भी हो गई, जबकि 19 बच्चे घायल हो गए। साथ ही अटेंडेंट भी जख्मी हो गया। मृतक छात्रा की पहचान हिराक्षी के तौर पर की गई है। वह अपने माता-पिता के साथ सेक्टर- 43 में रहती थी।
यह हादसा उस वक्त हुआ, जब स्कूल में लंच टाइम चल रहा था और कई बच्चे इस पेड़ के पास खेल रहे थे, तभी अचानक पेड़ बच्चों के ऊपर आ गिरा। घायल बच्चों को जीएमएसएच-16 में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही सभी अभिभावक आनन-फानन में स्कूल पहुंचे और गेट पर हंगामा शुरू कर दिया।
चंडीगढ़ एडमिनिस्ट्रेशन ने हादसे को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही बाकी स्कूलों में भी इस तरह के पेड़ों का 2 दिन के अंदर इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट सर्वे करेगा। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे की चपेट में करीब 19 बच्चे और एक अटेंडेंट आई है।
दरअसल, लंच टाइम में सेक्टर-9 के इस निजी स्कूल में पेड़ के नीचे बैठकर बच्चे खाना खा रहे थे। बताया जा रहा है कि उस वक्त पेड के नीचे छठी क्लास से लेकर 12वीं क्लास तक के बच्चे भी खेल रहे थे। अचानक जब पेड़ गिरा तो आसपास अचानक हड़कंप मच गया और बच्चे पेड़ के नीचे दबे गए। जल्दी से मौके पर पुलिस को बुलाया गया और बच्चों को निकाला गया। घायल बच्चों का निजी एवं सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।
पीजीआई दी अहम जानकारी
पीजीआई चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, 11 बच्चों को हल्की फुल्की चोटें आई थी। इनमें से चार बच्चों को हल्की चोटों के बाद फोर्टिस मोहाली में भेजा गया था। वहीं, दो को मुकुट अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं, इनकी हालत फिलहाल स्थिर है। महिला अटेंडेंट और एक बच्ची का इलाज पीजीआई में जारी है। बता दें कि गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बाद एक जुलाई से स्कूल फिर से शुरू हुए हैं। बताया जा रहा है कि जो पीपल पेड़ बच्चों पर गिरा वह करीब 250 साल पुराना था।