हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर राज्य सरकार से किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। हुड्डा का कहना है कि हाल में हुई ओलावृष्टि से प्रदेशभर में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। इसकी विशेष गिरदावरी करा कर तुरंत किसानों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। इस ओलावृष्टि से सरसों और कपास समेत कई फसलें बर्बाद हुई हैं। वही, कई किसानों के पशुओं की भी मौत हुई है।
इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि गत कई फसली सीजन में हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा भी किसानों को नहीं मिला है। किसानों को उनके लंबित मुआवजे का भुगतान भी जल्द किया जाना चाहिए। इस मुद्दे पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ट्वीट भी किया है।
इसमें उन्होंने लिखा, 'किसानों को कभी सरकारी नीतियां तो कभी मौसम की मार उन्हें नुकसान पहुंचा रही है। ओलावृष्टि से प्रदेशभर में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। बारिश, ओलावृष्टि से सरसों, कपास समेत कई फसलें बर्बाद हुई हैं। इसकी स्पेशल गिरदावरी करवाकर फौरन किसानों को मुआवजा दे सरकार।'