Usman Tariq MS Dhoni: पाकिस्तान के स्टार स्पिनर उस्मान तारिक (Usman Tariq) 2026 टी20 वर्ल्ड कप में अपने अपरंपरागत बॉलिंग एक्शन से खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि उस्मान की पाकिस्तान टीम में एंट्री टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) की वजह से हुई? ऐसा हम नहीं कह रहे हैं कि धोनी के कारण उस्मान को पाकिस्तान क्रिकेट टीम में जगह मिली, बल्कि उन्होंने खुद इस बारे में खुलासा करके दुनिया को हैरान कर दिया.
दरअसल उस्मान ने अपने एक हालिया इंटरव्यू में बताया कि कैसे उन्होंने जॉब छोड़कर दोबारा क्रिकेट खेलने का फैसला किया. पाक स्पिनर ने कहा कि उन्हें जॉब छोड़ने का मोटिवेशन धोनी से मिला. उन्होंने धोनी की फिल्म देखी, जिसमें दिखाया गया था कि कैसे धोनी ने टिकट कलेक्टर की जॉब छोड़कर दोबारा क्रिकेट को अपना और दुनियाभर में अपना लोहा मनवाया. उस्मान का धोनी को क्रेडिट देते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
क्रिकेट में वापसी के लिए धोनी को दिया क्रेडिट
दुबई में AFP से बात करते हुए उस्मान तारिक ने कहा, "मैंने क्रिकेट में नाम कमाने का ख्वाब छोड़ दिया था, लेकिन एक दिन मैंने वो फिल्म (एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी) देखी और उस चीज ने मुझे यकीन दिलाया कि मैं भी ऐसा कर सकता हूं."
बताते चलें कि उस्मान दुबई में सेल्समैन की जॉब कर रहे थे. धोनी की फिल्म देखने के बाद उन्होंने एक बार फिर क्रिकेट खेलने का फैसला किया और आज दुनियाभर में अपना नाम बना रहे हैं.
पाकिस्तान टीम में सिलेक्शन लगा प्रैंक
उस्मान ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में दमदार गेंदबाजी करके 20 विकेट चटकाए थे, जिसके बाद जल्द ही उन्हें पाकिस्तान टीम में चुन लिया गया. उन्होंने कहा, "मेरे कोच ने मुझे पाकिस्तान टीम में सिलेक्शन के बारे में बताया जब पिछली साल मैं अपनी शादी में बिजी था और शुरुआत में मुझे लगा कि यह प्रैंक है. लेकिन यह सचा था, शायद मेरी पत्नी मेरे लिए लक लेकर आई थी."
टी20 वर्ल्ड कप में यूएसए के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी
बता दें कि पाकिस्तान ने टी20 टूर्नामेंट में दूसरा मुकाबला यूएसए के खिलाफ खेला था, जिसमें उस्मान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे. अब देखना दिलचस्प होगा कि भारत के खिलाफ उनका प्रदर्शन कैसा रहता है.