Virat Kohli on Dhurandhar 2: बॉलीवुड की हालिया ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2' को खूब तारीफ मिल रही है। फिल्म इंडस्ट्रीज के कई सितारों ने भी इस फिल्म की तारीफ की है। हाल ही में, विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने हाल ही में यह फिल्म देखी और सोशल मीडिया पर इसकी खूब तारीफ की।
यह फिल्म एक चमत्कार है: अनुष्का
अनुष्का ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म के बारे में लिखा, 'आदित्य धर, तुमने जो यह फिल्म बनाई है, वह एक चमत्कार है। भले ही ये फिल्म चार घंटे की हो, लेकिन तुमने इसे इतनी बारीकी से बनाया है कि दर्शक इसमें पूरी तरह डूब जाते हैं। तुम एक अनोखे डायरेक्टर हो।'
अनुष्का ने फिल्म के हीरो रणवीर सिंह की भी तारीफ की और कहा, ' रणवीर सिंह, तुम इस किरदार में पूरी तरह से जीए हो। तुम्हारी परफॉर्मेंस अगले लेवल की है। यह जिंदगी में एक बार मिलने वाले किरदारों जैसा है। इसके अलावा माधवन, रामपाल, राकेश बेदी सर, आप में से हर कोई एक मजबूत स्तंभ है. हर किरदार को स्क्रीन पर पूरी परफेक्शन के साथ निभाया गया है। आप लोगों के बिना यह फिल्म बन ही नहीं पाती। इस फिल्म पर काम करने वाले सभी लोगों को बधाई,'।
मैंने ऐसी फिल्म पहले कभी नहीं देखी: विराट कोहली
विराट ने अपनी स्टोरी में लिखा, 'आज यह फिल्म देखने के बाद, मैं कह सकता हूं कि मैंने भारतीय फिल्मों में ऐसा अनुभव पहले कभी नहीं किया। इसमें इमोशन जबरदस्त था। भले ही यह चार घंटे लंबी है, लेकिन मुझे कहीं भी बोरियत महसूस नहीं हुई। प्यारे आदित्य, अगर तुम खुद अपनी बनाई यह फिल्म देखोगे, तो तुम्हें पता चलेगा कि तुम में कितना टैलेंट है। तुम एक जीनियस हो, तुम्हें सलाम। हर एक्टर अपने किरदार में पूरी तरह से डूब गया है। सभी ने शानदार एक्टिंग की है। खासकर रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस तो कमाल की है। इस फिल्म के बाद तुम नई ऊंचाइयां छूओगे। बेहतरीन फिल्म,'।
डायरेक्टर ने विराट के रिव्यू पर क्या कहा?
विराट और अनुष्का के पोस्ट कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। जिसके बाद फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने भी इन रिव्यू का जवाब दिया। विराट के पोस्ट को री-शेयर करते हुए आदित्य ने लिखा, 'वाह! मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि ऐसा कुछ होगा।'
उन्होंने आगे लिखा, 'विराट, यह मेरे लिए सच में बहुत बड़ी बात है। मैं अंडर-19 वर्ल्ड कप के दिनों से ही तुम्हारा बहुत बड़ा फैन रहा हूं । तुम्हारे जैसा कोई दिग्गज, जो पीढ़ी में एक बार आता है, जब वो तारीफ करता है, तो यह सच में एक बहुत ही खास एहसास होता है। जिस तरह से तुम हर बार मैदान पर उतरते समय हमारे देश की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाते हो, वह हमें बहुत प्रेरित करता है। हमारी एक छोटी सी कोशिश के तौर पर, हम हमेशा अपनी फिल्मों के जरिए भारत को गर्व महसूस कराने की कोशिश करते रहेंगे। जय हिंद!'
आदित्य धर ने अनुष्का की पोस्ट पर भी जवाब दिया और लिखा, 'तुम जैसे असाधारण टैलेंट से इतनी तारीफ मिलना सच में दिल को छू लेने वाला है। बहुत-बहुत शुक्रिया, अनुष्का। यह हमें लगातार ऊंचे लक्ष्य तय करने, ईमानदारी और मतलब के साथ कहानियां सुनाने, और ऐसी चीजें बनाने के लिए प्रेरित करता है जो सच में लोगों के दिलों को छू लें।'