UP News: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से लेकर यूपी के कई जिलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की खबर के बाद शोक और विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। अलग-अलग शहरों में नमाज़-ए-जनाज़ा, मजलिस और कैंडल मार्च आयोजित किए गए।
एएमयू में नमाज़-ए-जनाज़ा और कैंडल मार्च
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की जामा मस्जिद में खामेनेई की याद में नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई। इसके बाद छात्रों ने जामा मस्जिद से बाब-ए-सैयद गेट तक कैंडल मार्च निकाला। सैकड़ों की संख्या में छात्र हाथों में मोमबत्तियां लेकर शामिल हुए और शोक व्यक्त किया।
फर्रुखाबाद में उमड़ा जनसैलाब
वहीं ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की खबर के बाद जनपद में गम और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। इसको लेकर शहर में शिया और सुन्नी मुसलमानों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। शहर के चौक से मऊदरवाजा स्थित दरगाह हजरत अब्बास तक बड़ी संख्या में लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। मार्च में बड़ी संख्यां में लोग शामिल हुए. बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही. हाथों में मोमबत्तियां, पोस्टर और तस्वीरें लिए लोग गमगीन नजर आए। कई लोगों की आंखें नम थीं। पूरे मार्ग पर नारे लगाए गए और लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
कैंडल मार्च चौक चौराहे से शुरू होकर दरगाह हजरत अब्बास पहुंचा, जहां सीनाजनी करते हुए मातम किया गया। इसके अलावा कर्बला में दोपहर के समय मजलिस का आयोजन हुआ. सुनहरी मस्जिद में भी मजलिस आयोजित की गई। कर्बला में मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली ने मजलिस को खिताब किया, जबकि दरगाह परिसर में महिलाओं की अलग मजलिस हुई।
कार्यक्रम में इमाम-ए-जुमा मौलाना अब्बास, फरहत अली जैदी, मुन्तजिर हुसैन, मेराज हुसैन, साजिद हुसैन, शा रिजवी और मुनव्वर हुसैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र सदर कोतवाली पुलिस के साथ सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय मौके पर तैनात रहीं। पुलिस बल ने पूरे मार्ग पर निगरानी रखी. प्रशासन की सतर्कता के चलते कैंडल मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
लखनऊ में बंद का आह्वान
लखनऊ में शिया धार्मिक नेता यासूब अब्बास ने तीन दिन तक दुकानें बंद रखने और घरों पर काले परचम लगाने की अपील की।विरोध प्रदर्शन और जलसे आयोजित करने की भी घोषणा की गई।
बुलंदशहर में शोक सभा
बुलंदशहर में इमामबाड़े में बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोगों ने इकट्ठा होकर शोक मनाया। हाथों में मोमबत्तियां और तस्वीरें लेकर लोगों ने श्रद्धांजलि दी और नारेबाजी की। संभल में कैंडल मार्च
संभल तहसील क्षेत्र के सिरसी कस्बे में शिया मुस्लिमों ने कैंडल मार्च निकाला और विरोध प्रदर्शन किया। वहीं असमोली के बुकनाला गांव में कैंडल मार्च की अनुमति न मिलने पर पुलिस ने कार्यक्रम रद्द करा दिया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा।