New Rule Update: हर महीने की तरह इस बार भी महीने की शुरुआत कुछ नए नियमों और अपडेट्स के साथ होने जा रही है, लेकिन 1 मार्च 2026 कई मायनों में खास माना जा रहा है। इस बार होने वाले बदलाव सिर्फ खर्च या कीमतों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आपके मोबाइल इस्तेमाल, बैंकिंग सिस्टम और ट्रेन यात्रा जैसे रोजमर्रा के कामों पर भी सीधा असर डाल सकते हैं। अगर आप डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल करते हैं, एलपीजी सिलेंडर लेते हैं या अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं, तो इन नए नियमों और अपडेट्स की जानकारी रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही आपकी सुविधा और बजट दोनों को प्रभावित कर सकती है।
पहला बदलाव
1 मार्च से सबसे अहम बदलाव रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों से जुड़ा है। हर महीने की पहली तारीख को तेल विपणन कंपनियां घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए दाम जारी करती हैं। 1 मार्च को सुबह नई दरें घोषित की जाएंगी। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होती है या सब्सिडी में बदलाव किया जाता है, तो गैस सिलेंडर महंगा हो सकता है, जिससे घरों का मासिक बजट प्रभावित होगा। वहीं कीमतों में कमी होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है।
दूसरा बदलाव
दूसरा बड़ा बदलाव रेलवे यात्रियों के लिए है। 1 मार्च से भारतीय रेलवे पुराने UTS ऐप को बंद कर नई RailOne ऐप को प्राथमिकता देने जा रहा है। अब अनारक्षित टिकट, जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग नई ऐप के जरिए की जाएगी। इससे यात्रियों को नई प्रणाली अपनानी होगी। शुरुआत में तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन रेलवे का कहना है कि नया सिस्टम अधिक तेज, सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल होगा। इस नए एप में टिकट बुक करने पर आपको काफी छूट भी मिलेगी।
तीसरा बदलाव
तीसरा बदलाव मोबाइल यूजर्स से जुड़ा है। टेलीकॉम विभाग ने SIM-Binding नियम को अनिवार्य किया है। इसके तहत हर व्हाट्सएप और अन्य मैसेंजिग एप्स के अकाउंट को एक्टिव सिम से लिंक करना जरूरी होगा। यानी कि जिस नंबर से आपका अकाउंट बना है, वो सिम आपके मोबाइल में होनी चाहिए। साथ ही वेब या डेस्कटॉप लॉगिन के लिए छह घंटे का ऑटो लॉग-आउट नियम लागू किया जाएगा। यानी कि 6 घंटे के बाद अब से वेब या डेस्कटॉप अपने आप लॉगआउट हो जाएगा। इसका उद्देश्य फर्जी नंबरों और साइबर अपराधों पर रोक लगाना है।