Himachal Pradesh Board Exams: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च से शुरू होने वाली दसवीं व जमा दो की परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और गोपनीय बनाने के लिए कमर कस ली है। बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने शनिवार को परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र अधीक्षकों और उप-केंद्र अधीक्षकों की ड्यूटी लिस्ट संबंधित विद्यालयों के लागिन पोर्टल पर लाइव कर दी गई है।
परीक्षा से एक दिन पहले होगी सामग्री की जांच
बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गरिमा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले केंद्र समन्वयक की मौजूदगी में परीक्षा सामग्री और अधीक्षक पैकेट की गहनता से जांच करें।
उन्होंने हिदायत दी है कि बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए, अन्यथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा सामग्री में त्रुटि हुई तो तुरंत देनी होगी सूचना
डा. शर्मा ने यह भी सुनिश्चित किया है कि यदि सामग्री की जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कमी या तकनीकी त्रुटि पाई जाती है, तो इसकी सूचना तत्काल बोर्ड कार्यालय को दी जाए। समय रहते सूचना देने से आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो सके।
भयमुक्त और पारदर्शी परीक्षा वातावरण
बोर्ड अध्यक्ष ने दोहराया कि उनका प्राथमिक लक्ष्य प्रत्येक विद्यार्थी को एक भयमुक्त और पारदर्शी परीक्षा वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूर्ण सहयोग की अपील की है, ताकि बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया जा सके।