Shubman Gill Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल आज 26 साल के हो गए। सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें 'द प्रिंस' कहते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं हैं। गिल को मौजूदा दौर के सबसे स्टाइलिश और भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिना जाता है। अब तक छह साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में ही उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। इसी साल उन्हें टेस्ट की कप्तानी सौंपी गई थी, जबकि सीमित ओवर के प्रारूपों में वह भारतीय टीम का उपकप्तान हैं। उन्हें 'किंग' विराट कोहली का उत्तराधिकारी माना जा रहा है।
टेस्ट और वनडे में दर्ज है ये रिकार्ड्स -
शुभमन गिल ने अपने छोटे से करियर में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के तौर पर किसी सीरीज में सबसे ज्यादा रन (754) बनाने में वे ओवरऑल दूसरे स्थान और भारतीयों में पहले स्थान पर हैं। यह रिकॉर्ड उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर बनाया था। डॉन ब्रैडमैन के 810 रन के रिकॉर्ड को वह तोड़ने से चूक गए थे। इसके अलावा एक ही टेस्ट मैच में शतक और शून्य (डक) लगाने का अनोखा रिकॉर्ड भी उनके नाम है। वह उन बल्लेबजों की सूची में भी शामिल हैं, जिन्होंने एक ही टेस्ट में एक पारी में दोहरा शतक और दूसरी पारी में शतक लगाया हो। एक टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वालों में वह ओवरऑल संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर और भारतीयों में संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। गिल ने इंग्लैंड दौरे पर चार शतक जड़े थे और सुनील गावस्कर की बराबरी की थी। इस लिस्ट में शीर्ष पर वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज वॉलकॉट हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 1955 में पांच शतक जड़े थे।
गिल ने अब तक 37 टेस्ट मैचों में 41.35 की औसत से 2647 रन बनाए
गिल ने अब तक 37 टेस्ट मैचों में 41.35 की औसत से 2647 रन बनाए हैं। इनमें नौ शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, वनडे में वह 55 मैचों में 59.04 की औसत से 2775 रन बना चुके हं। इनमें आठ शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में गिल 30.42 की औसत और 139.27 के स्ट्राइक रेट से 578 रन बना चुके हैं। इनमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।