Putin in India : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार से दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत-अमेरिका तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यह भारत यात्रा बेहद अहम मानी जा रही है और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि हम हमेशा शांति के पक्षधर रहे हैं। हम यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान पर काम कर रहे हैं। बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि यूक्रेन संकट शुरू होने के बाद से दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत होती रही है। पुतिन ने एक सच्चे मित्र के तरह भारत को हर जानकारी दी है। मोदी ने विश्वास को सबसे बड़ी ताकत बताया।
महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने यह बात कई बार पुतिन से साझा की है और दुनिया के सामने भी रखी है। देशों का भला शांति के रास्ते में ही है और भारत-रूस मिलकर दुनिया को उसी दिशा में ले जाएंगे। उन्हें भरोसा है कि हाल के प्रयासों से दुनिया फिर शांति की ओर बढ़ेगी। इससे पहले रूसी राष्ट्रपति पुतिन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली शिखर वार्ता से पहले राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद पुतिन ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।
पश्चिमी देशों की खास नजर
एएनआई के रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के बाद राजघाट पर विजिटर बुक में हस्ताक्षर किए। पीएम मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के पालम हवाईअड्डे पर पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों नेता एक ही कार से पीएम आवास पहुंचे, जहां डिनर हुआ। इस शिखर वार्ता में रक्षा सहयोग मजबूत करने, भारत-रूस व्यापार को बाहरी दबावों से बचाने और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों पर साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा की उम्मीद है। इस दौरे पर पश्चिमी देशों की खास नजर बनी हुई है।