Putin In India : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4 दिसंबर यानी गुरुवार को भारत दौरे पर आ रहे हैं। वे करीब 30 घंटे तक भारत में रहने वाले हैं। इस दौरान वे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 23वीं भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक करेंगे। इस बार पुतिन 4 साल बाद भारत दौरे पर आ रहे हैं। यह पुतिन की 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पहली भारत यात्रा होगी, इसलिए इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों के एक नए चरण की शुरुआत करने वाला माना जा रहा है, जिसमें कई बड़े समझौते, उद्योग जगत के नेताओं से मुलाकात और राज्य भोज शामिल हैं।
दोनों नेता वैश्विक मुद्दों पर करेंगे बात
इस दौरान पुतिन का शेड्यूल कैसा रहेगा, कब और किन लोगों से मिलेंगे, आइये जानते हैं। पुतिन 4 दिसंबर की शाम को भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां पीएम मोदी 7 लोक कल्याण मार्ग पर उनके सम्मान में एक निजी रात्रिभोज देंगे। यह यात्रा भारत-रूस के बीच सामरिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित चर्चा होगी। दोनों नेता वैश्विक मुद्दों पर भी बात करेंगे, विशेष रूप से भारत की इस अपील पर कि रूस-यूक्रेन संकट का समाधान कूटनीतिक माध्यमों से खोजा जाए।
महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे
5 दिसंबर को मुख्य कार्यक्रम होंगे। सुबह पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक ट्राई सर्विसेज गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे करीब 11 बजे हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के लिए मिलेंगे।
कई महत्वपूर्ण समझौते होने की उम्मीद
इस बैठक में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और रणनीतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौते होने की उम्मीद है। बैठक के बाद दोनों नेता संयुक्त बयान जारी करेंगे। शाम करीब 7 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुतिन के सम्मान में राज्य भोज देंगी। लगभग 30 घंटे भारत में रहने के बाद पुतिन 5 दिसंबर देर रात रवाना होंगे। शुक्रवार रात लगभग 9:30 बजे पुतिन के रवाना होने की उम्मीद है।