Deepika Padukone Pregnancy:बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल्स में से एक दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने अपने फैंस को एक बार फिर बड़ी खुशखबरी दी है। दोनों सितारे जल्द ही दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई है और फैंस इस खुशखबरी को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
दीपिका और रणवीर ने यह खुशखबरी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए साझा की. उन्होंने एक प्यारी सी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनकी बेटी दुआ एक पॉजिटिव प्रेग्नेंसी टेस्ट किट पकड़े नजर आ रही है। इस पोस्ट के साथ दीपिका ने कैप्शन में सिर्फ दो बुरी नजर वाले इमोजी डाले, जिससे यह संकेत मिला कि परिवार में एक और नया सदस्य आने वाला है।
कब और कैसे शुरू हुई थी लव स्टोरी
दीपिका और रणवीर की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. दोनों की मुलाकात साल 2013 में फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ के सेट पर हुई थी। यहीं से उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 2015 में सगाई कर ली थी, हालांकि इसे काफी समय तक निजी रखा गया। इसके बाद 14 नवंबर 2018 को इटली के खूबसूरत लेक कोमो में दोनों ने शादी रचाई। उनकी शादी में कोंकणी और सिंधी दोनों रीति-रिवाजों को शामिल किया गया था, जो उनके पारिवारिक संस्कारों को दर्शाता है।
पहली बेटी दुआ का जन्म
इस कपल ने 8 सितंबर 2024 को अपनी पहली संतान, बेटी दुआ का स्वागत किया था। बेटी के जन्म के बाद से ही दोनों अपने पैरेंटहुड को खूब एंजॉय कर रहे हैं और अब एक बार फिर उनके परिवार में खुशियां आने वाली हैं। दीपिका पादुकोण ने कई मौकों पर बताया है कि मां बनने के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि पहले उनका पूरा ध्यान अपने करियर और व्यक्तिगत लक्ष्यों पर होता था, लेकिन अब उनकी प्राथमिकता उनकी बेटी है. मातृत्व ने उन्हें ज्यादा जिम्मेदार और भावनात्मक बना दिया है। अब वह छोटी-छोटी खुशियों को भी ज्यादा गहराई से महसूस करती हैं और हर पल को संजोकर जीती हैं।
दीपिका चाहती हैं कि उनकी बेटी दुआ का बचपन सामान्य और सुरक्षित रहे। वह नहीं चाहतीं कि फिल्मी परिवार से जुड़ा होने के कारण उनकी बेटी पर अनावश्यक दबाव या ध्यान पड़े। उन्होंने अपने माता-पिता से मिली सीख और मूल्यों को बहुत अहम बताया है और कहा है कि वही उनके पालन-पोषण के तरीके को दिशा देते हैं।
करियर में भी व्यस्त हैं दोनों सितारे
जहां एक तरफ दोनों अपने परिवार को बढ़ाने की खुशखबरी साझा कर रहे हैं, वहीं उनके करियर भी शानदार तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। वहीं दीपिका पादुकोण के पास भी कई बड़ी फिल्में हैं. वह जल्द ही फिल्म ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ नजर आएंगी। इसके अलावा, वह एक और बड़े प्रोजेक्ट में साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के साथ काम करती दिखाई देंगी।