जमैका की शेली एन फ्रेजर प्राइस ने कतर की राजधानी दोहा में रविवार को महिलाओं की 100 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीत लिया। इस टूर्नामेंट के इतिहास में ये उनका चौथा स्वर्ण है। फ्रेजर प्राइस 100 मीटर रेस में चार बार चैम्पियन बनने वाली दुनिया की पहली रेसर बन गईं। उन्होंने जमैका के उसेन बोल्ट, अमेरिका के कार्ल लुईस और मॉरिस ग्रीन के 3-3 स्वर्ण पदक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

फ्रेजर प्राइस ने सीजन का बेस्ट समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 10.71 सेकंड का समय लिया। 32 साल की फ्रेजर प्राइस 2008 और 2012 ओलिंपिक में स्वर्ण जीती थीं। रेस जीतने के बाद फ्रेजर प्राइस ने कहा, अपने बच्चे के साथ इस पोडियम पर खड़ा होना सपना पूरा होने के बराबर है। मैं पिछली रात बिल्कुल भी नहीं सो पाई। पिछली बार मैं 2016 में कोई बड़ा टूर्नामेंट जीती थी।
.jpg)
दूसरी ओर, अमेरिका की महिला रेसर एलिसन फेलिक्स ने 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले में स्वर्ण पदक जीत लिया। फेलिक्स का ये 12वां वर्ल्ड टाइटल है। उन्होंने सबसे ज्यादा टाइटल जीतने के मामले में जमैका उसेन बोल्ट के 11 टाइटल को पीछे छोड़ दिया। फेलिक्स ने पहला स्वर्ण 2005 में अपने नाम किया था। 33 साल की फेलिक्स ने इससे पहले 200 मीटर में तीन, 400 मीटर में एक, 4x100 मीटर रिले में तीन और 4x400 मीटर रिले में चार टाइटल जीते थे।