PCB Chief Naqvi Warns: पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने खिलाड़ियों को चेतावनी दी है कि अगर वे PSL छोड़कर IPL में खेलने का विकल्प चुनते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इस बयान से यह साफ होता है कि नकवी और पीसीबी की चिढ़ आईपीएल से कितनी ज्यादा है। पीएसएल में जहां एक तरफ फुस्स खिलाड़ी खेल रहे हैं, वहीं आईपीएल की चमक से नकवी डरे हुए नजर आ रहे हैं।
श्रीलंका के दासुन शनाका पाकिस्तान सुपर लीग से अपना नाम वापस लेने वाले दूसरे खिलाड़ी
श्रीलंका के दासुन शनाका पाकिस्तान सुपर लीग से अपना नाम वापस लेने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। उन्होंने लाहौर कलंदर्स की टीम को छोड़कर आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने का फैसला किया है। राजस्थान ने शनाका को चोटिल सैम करन की जगह पर बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया है। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर डेनियल सैम्स लाहौर कलंदर्स में शनाका की जगह लेंगे। ब्लेसिंग मुजरबानी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ आईपीएल का करार पक्का होने के बाद पहले ही पाकिस्तान सुपर लीग से हट चुके हैं।
'हम नियमों के अनुसार उन खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे'
मोहसिन नकवी ने कहा, 'हम नियमों के अनुसार उन खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। पिछले साल भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था (कॉर्बिन बॉश, जिन्हें पीएसएल से एक साल के लिए बैन कर दिया गया था), और इस बार भी वैसा ही होगा।' पिछली बार पेशावर जल्मी के लिए बॉश एक बेहतरीन पसंद थे, लेकिन आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलने के लिए उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग से अपना नाम अंतिम समय पर वापस ले लिया था। नकवी ने आगे कहा, 'आईपीएल के साथ टकराव कोई समस्या नहीं है, क्योंकि अगर खिलाड़ी वहां जा रहे हैं, तो हमारे यहां भी बेहतरीन खिलाड़ी आ रहे हैं। हम पाकिस्तान सुपर लीग को टालने का जोखिम नहीं उठा सकते थे, क्योंकि हमारे पास पूरे साल में कोई और समय उपलब्ध नहीं है।