Hansi Accident:हांसी के नजदीक शनिवार रात करीब डेढ़ बजे भीषण सड़क हादसे में गांव भाटला के तीन दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेश (40), अशोक (35) और धर्मवीर (40) के रूप में हुई है। तीनों बाइक पर सवार थे। पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक उछलकर दूर जा गिरी। कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। चालक को भी चोटें आईं हैं।
एक ही गांव के थे तीनों युवक
हांसी पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां इमरेजेंसी में मौजूद चिकित्सकों की टीम ने भाटला के तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद परिजन भी रात में ही अस्पताल पहुंच गए। तीनों युवक किसी कार्यक्रम में शामिल होकर गांव से लौट रहे थे।
तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। थाना प्रभारी सदानंद वत्स ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ इसका पता करवाया जा रहा है। उधर भाटला में तीन युवकों की मौत का समाचार मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दोपहर बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव गांव लाए जाएंगे। परिजन हांसी के नागरिक अस्पताल में पहुंचे हुए हैं।