बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (Commonwealth Games 2022) का सोमवार को समापन हो गया। भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इन खेलों में कुल 61 पदक जीते और वह पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में शानदार प्रदर्शन के लिए भारतीय एथलीटों और खिलाड़ियों की जमकर तारीफ हो रही है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने CWG 2022 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर समूचे देश को गर्व है। भारत ने बर्मिंघम में 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज अपने नाम किए।
कोहली ने मंगलवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा," आप सबने अपने देश को गौरवान्वित किया है। हमारे सभी विजेताओं और CWG 2022 के प्रतिभागियों को बधाई। हमें आप पर बहुत गर्व है। जय हिन्द।" कोहली का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।