Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक धीरे-धीरे तापमान गिरने लगा है. हालांकि देश के कई राज्यों में अभी भी दक्षिण-पश्चिम मानसून का असर देखने को मिल रहा है. जिसके चलते कुछ इलाकों में बारिश का दौर भी जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार (15 अक्टूबर) को देश के 22 राज्यों में बारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
आईएमडी के मुताबिक इस दौरान कुछ स्थानों पर 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. ऐसे में पहाड़ी राज्यों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. भारी बारिश के चलते उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की भी संभावना है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ जम्मू के ऊपर, उत्तरी हरियाणा के आसपास और बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिम में ऊपरी तरफ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है. ऐसे में मौसम विभाग ने आंधी और बारिश के समय लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन राज्यों में आज हो सकती है भारी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, देश के 22 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछ स्थानों पर 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है. मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, असम और उरुणाचल प्रदेश में बारिश होने का अनुमान है.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में आज के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद तापमान में तेज गिरावट देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. ऐसे में दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यूपी-बिहार में भी आज भारी बारिश का अनुमान
वहीं उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में आज भारी बारिश की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को यूपी के गाजियाबाद, मेरठ, बिजनौर, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, वाराणसी, जौनपुर, मथुरा और आगरा में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है. इस दौरान 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं दूसरी ओर बिहार के कटिहार, खगड़िया, सुपौल, किशनगंज, सहरसा, पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण, शेखपुरा, नालंदा, औरंगाबाद, रोहतास और गया में भारी बारिश का अनुमान है. इस दौरान आंधी-तूफान आने का भी अनुमान है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?
उधर राजस्थान के भी कई जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान उदयपुर, पाली, टोंक, बारां, कोटा, हनुमानगढ़, झुंझुनू, बीकानेर, अलवर, सीकर, जयपुर और श्रीगंगानगर में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जबकि मध्य प्रदेश के पन्ना, सीधी, उमरिया, सतना, इंदौर, भोपाल, देवास, अलीराजपुर, झाबुआ, श्योपुर और मुरैना में भी आज भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है. इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है.